Uttar Pradesh

वन नेशन, वन इलेक्शन केवल एक विचार नहीं, बल्कि युवाओं की जिम्मेदारी:सुनील बंसल

युवा टाउनहाल कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री
युवा टाउनहाल कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री

—युवा टाउनहाल कार्यक्रम में बोले भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री

—भारत अब झुकने वाला नहीं है, न ही रुकने वाला

वाराणसी, 11 मई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने वन नेशन, वन इलेक्शन की वकालत की। उन्होंने कहा कि वन नेशन, वन इलेक्शन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी या भाजपा का एजेंडा नहीं है, बल्कि यह देशहित का मुद्दा है। यह केवल एक विचार नहीं, बल्कि युवाओं की जिम्मेदारी भी है। युवाओं का आवाहन कर कहा कि इस मुहिम को जन अभियान बनाएं और ज्यादा से ज्यादा छात्रों व युवाओं को इससे जोड़ें।

सुनील बंसल रविवार को यहां सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘युवा टाउनहाल ‘कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने एक राष्ट्र, एक चुनाव के फायदे गिनाते हुए कहा कि बार-बार चुनाव होने से नीति-निर्माण में रुकावट आती है और पॉलिसी पैरालिसिस की स्थिति बनती है। इससे शासन की निरंतरता टूटती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई नया विचार नहीं है—1952 से 1967 तक देश में चार बार चुनाव एक साथ हुए हैं। वर्तमान सरकार ने इस दिशा में गंभीर पहल की है और उच्च स्तरीय समिति ने 62 राजनीतिक दलों से सुझाव मांगे, जिनमें से 47 दलों ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र, एक चुनाव लोकतंत्र को अधिक प्रभावी, व्यय-कुशल और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। इससे देश का विकास तेज होगा, राजनीति सीमित होगी और युवाओं को नये अवसर मिलेंगे। सुनील बंसल ने कहा कि पिछले 30 वर्षों में कोई ऐसा साल नहीं गया जिसमें देश के किसी न किसी राज्य में चुनाव न हुए हों।

—भारत अब झुकने वाला नहीं है, न ही रुकने वाला

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री ने भारत पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष का उल्लेख कर कहा कि भारत अब झुकने वाला नहीं है, न ही रुकने वाला। यदि भारत को कोई छेड़ेगा, तो भारत अब उसे छोड़ने वाला नहीं है। यह संदेश भारत ने पूरी दुनिया को स्पष्ट रूप से दे दिया है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व पहलगाम में निर्दोष नागरिकों पर आतंकवादी हमला हुआ, जिसमें कई मासूमों की जान गई। लेकिन अब पूरा देश देख रहा है कि हमारी जांबाज सेना उन आतंकवादियों को कैसे चुन-चुन कर जवाब दे रही है। उन्होंने कहा कि देशवासियों में जबरदस्त उत्साह और राष्ट्र के प्रति गर्व का भाव है। अब हर भारतवासी चाहता है कि बार-बार होने वाले आतंकी हमलों पर स्थायी विराम लगे और पाकिस्तान को करारा जवाब दिया जाए।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पद्मभूषण प्रो. देवी प्रसाद द्विवेदी ने कहा कि लंबे समय बाद देश में ऐसी सरकार आई है जो न केवल देशहित में सोचती है, बल्कि जनहित को भी सर्वोपरि रखती है। युवा टाउनहाल में अंतरराष्ट्रीय एथलीट प्रियंका सिंह पटेल और रेनू सिंह ने भी युवाओं को संबोधित किया और राष्ट्रहित के इस अभियान में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। युवा उद्यमी दीपेश वशिष्ठ एवं डॉ. यश पांडे ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.बिहारी लाल शर्मा ने की। संचालन भाजयुमो प्रदेश महामंत्री देवेंद्र पटेल और धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्रीय अध्यक्ष युवा मोर्चा शैलेंद्र मौर्य ने किया।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रवींद्र जायसवाल, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’, महापौर अशोक तिवारी, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. अवधेश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, एमएलसी अश्विनी त्यागी, एम एल सी धर्मेन्द्र राय, पूर्व विधायक जगदीश पटेल, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष प्राशुदत्त द्विवेदी, मनीष कपूर, मीना चौबे, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर आदि की उपस्थिति रही।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top