कीव, 11 मई (Udaipur Kiran) । यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस की ओर से शांति वार्ता के प्रस्ताव का स्वागत किया है, लेकिन स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की वार्ता की शुरुआत पूर्ण और अस्थायी युद्धविराम से ही संभव होगी। उन्होंने यह बात रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किए गए अपने संदेश में कही।
जेलेंस्की ने कहा, यह एक सकारात्मक संकेत है कि रूस अब युद्ध समाप्त करने पर विचार कर रहा है। यह वह बात है जिसका इंतजार पूरी दुनिया लंबे समय से कर रही थी। लेकिन उन्होंने यह भी जोड़ा कि, किसी भी युद्ध को समाप्त करने की दिशा में पहला और सबसे जरूरी कदम है, युद्धविराम।
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोमवार (12 मई) से 30 दिनों के बिना शर्त युद्धविराम की पेशकश करते हुए उम्मीद जताई कि रूस इसे स्वीकार करेगा। उन्होंने कहा, अब और हत्या का कोई औचित्य नहीं है। अगर रूस वास्तव में शांति चाहता है तो वह कल से युद्धविराम की पुष्टि करे, और यूक्रेन वार्ता के लिए तैयार है।
हालांकि, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस प्रस्ताव को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया है। उन्होंने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि रूस वार्ता शुरू करने के लिए इस्तांबुल में गुरुवार को बिना किसी पूर्व शर्त के बैठक करने को तैयार है, लेकिन युद्धविराम वार्ता के दौरान तय किया जाएगा, उससे पहले नहीं।
इस प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए यूरोप के चार प्रमुख देशों ने रूस को चेतावनी दी है कि अगर वह जेलेंस्की के 30 दिवसीय युद्धविराम प्रस्ताव को स्वीकार नहीं करता, तो उसके खिलाफ दबाव और अधिक बढ़ाया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय
