Assam

गुरुधाम में मनाई गयी गुरुदेव कालीचरण ब्रह्म की 88वीं पुण्यतिथि

गुरुदेव को श्रद्धांजलि अर्पण करने के इस कार्यक्रम में  कैबिनेट मंत्री यू. जी. ब्रह्म भी उपस्थित थे।

-गुरुदेव को असम सरकार के मंत्री यूजी ब्रह्म अर्पित की श्रद्धांजलि

कोकराझार (असम), 8 मई (Udaipur Kiran) । कोकराझार ज़िले के पर्वतझोरा महकमा के काज़ीगांव स्थित गुरुधाम में गुरुदेव कालीचरण ब्रह्म की 88वीं पुण्यतिथि का आयोजन आज सुबह से ही एक आध्यात्मिक वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर दिनभर के कार्यक्रमों के तहत ब्रह्म धर्म के संस्थापक और समाज सुधारक गुरुदेव कालीचरण ब्रह्म के आश्रम यानी गुरुधाम में विभिन्न स्थानों से आए ब्रह्म धर्म के अनुयायियों ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

आज के इस कार्यक्रम में असम सरकार के कैबिनेट मंत्री यूजी ब्रह्म विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंत्री ब्रह्म ने कार्यक्रम में भाग लेने के पश्चात गुरुधाम के विकास और संरक्षण के लिए विभिन्न सरकारी अनुदानों का उल्लेख किया। साथ ही, गुरुधाम के पास बहने वाली नदी में हो रहे कटाव को रोकने हेतु सॉयल कंज़र्वेशन विभाग द्वारा प्राप्त 50 लाख 70 हजार रुपये की राशि से बनने वाले बांध की आधारशिला भी रखी।

बाद में आयोजित एक सार्वजनिक सभा में मंत्री ब्रह्म ने गुरुदेव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि समाज सुधार के क्षेत्र में विशेषकर बोडो समाज के सामाजिक और शैक्षिक उत्थान के लिए गुरुदेव द्वारा दिखाए गए आदर्श आने वाले हजारों वर्षों तक लोगों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि एक समय था जब बोडो समाज में अंधविश्वास फैला हुआ था, लेकिन गुरुदेव ने शिक्षा का प्रचार करके समाज को एक सभ्य पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई। मंत्री ने यह भी बताया कि बीटीआर सरकार की ओर से गुरुधाम के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए आर्थिक सहायता प्रदान कर कार्य योजनाएं तैयार की जा रही हैं।

इस कार्यक्रम में विभिन्न स्थानों से भारी संख्या में श्रद्धालु भक्तजन उपस्थित हुए।

(Udaipur Kiran) / किशोर मिश्रा

Most Popular

To Top