मुंबई, 06 मई (Udaipur Kiran) । कांदिवली इलाके में सामान रखने को लेकर हुए विवाद में 72 वर्षीय वृद्ध महिला रंजना संघानी की उसके पड़ोसी ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी। इस मामले में कांदिवली पुलिस ने मंगलवार को हत्या का मामला दर्ज कर 65 वर्षीय आरोपित अशोक केसवानी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।
पुलिस के अनुसार एस.वी. रोड स्थित बसंती भुवन भवन में रंजना और अशोक दोनों एक दूसरे के बगल में रहते हैं। पिछले कुछ दिनों से इन दोनों के बीच छोटी-छोटी बातों पर विवाद हो रहा था। सोमवार को देर रात रंजना ने अपना कुछ सामान बाहर रख दिया था। अशोक ने इस पर आपत्ति जताई और उनसे सामान घर पर रखने को कहा, लेकिन सामान घर पर रखने से इनकार कर दिया। इस बात पर दोनों के बीच विवाद होने लगा। इसके बाद गुस्साए अशोक ने घर में रखे चाकू से रंजना पर पांच-छह बार वार कर दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। जैसे ही स्थानीय निवासियों को इस घटना के बारे में पता चला, तुरंत घायल रंजना को पास के शताब्दी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने वृद्ध महिला को मृत घोषित कर दिया।
—————
(Udaipur Kiran) यादव
