
राजकोट, 6 मई (Udaipur Kiran) । राजकोट जिले के धोराजी सुपेडी गांव के समीप सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। वहीं 2 अन्य लोग घायल हो गए। सभी 6 लोग कार में सवार थे। घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को जूनागढ़ सिविल हॉस्पिटल में रेफर किया गया है। वहीं शवों को धोराजी सिविल हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।
राजकोट जिले के धोराजी स्थित सुपेडी गांव में मंगलवार सुबह कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इसके बाद कार पलट गई। कार में सवार 6 लोगों में से 4 की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। 2 अन्य घायलों को हॉस्पिटल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार प्राथमिक जानकारी में कार चालक स्टेयरिंग से संतुलन खो बैठा जिससे कार असंतुलित होकर पेड़ से जा टकराई। कार की स्पीड अधिक होने से कार के सामने के हिस्से के परखच्चे उड़ गए। मृतकों में धोराजी के किशोर हिराणी (64), वल्लभ रूंधाणी (57), अफताब पठाण (19) और आसिफ सुमरा शामिल हैं। वहीं घायलों में रश्मिन गांधी और गौरांग रूधाणी के नाम शामिल हैं। कार में सवार लोग पीजीवीसीएल कांट्रेक्टर वीडियोग्राफी के लिए जा रहे थे।
—————
(Udaipur Kiran) / बिनोद पाण्डेय
