Haryana

झज्जर: हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौत, पति घायल

नागरिक अस्पताल झज्जर के पोस्टमार्टम हाउस का शव गृह।

झज्जर, 6 मई (Udaipur Kiran) । शहर में गुरुग्राम रोड पर मंगलवार दोपहर हुए हादसे में स्कूटी सवार एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई हो और उनका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश आरंभ कर दी है।

झज्जर शहर की निवासी महिला सुरेश और उनके पति सतीश कुछ कार्य के लिए गुरुग्राम रोड क्षेत्र स्थित अपने भूखंड में गए थे। वहां काम निपटाने के बाद दोनों स्कूटी पर सवार होकर झज्जर शहर में स्थित अपने घर लौट रहे थे। वे लघु सचिवालय के पास पहुंचे थे कि किसी अज्ञात वाहन की स्कूटी को टक्कर लगी, जिससे दंपति सड़क पर जा गिरे। दोनों गंभीर रूप से घायल हुए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटना स्थल पहुंची और राहगीरों की सहायता से दोनों घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने जांच करके महिला सुरेश को मृत घोषित कर दिया। महिला के पति सतीश को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवा कर पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश आरंभ कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि दोषी वाहन चालक बिना रोक घटनास्थल से फरार हो गया।

—————

(Udaipur Kiran) / शील भारद्वाज

Most Popular

To Top