

भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) का दावा,2027 में विपक्ष के हर मंसूबें को विफल करेंगे
वाराणसी,05 मई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सोमवार को समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि मुस्लिम तुष्टिकरण और हिन्दुओं का जातिगत विभाजन ही इनका एक मात्र एजेंडा है।
रोहनिया स्थित पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय पर आयोजित बैठकों में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर धर्मपाल सिंह ने आगामी संगठनात्मक गतिविधियों, पार्टी के अभियान कार्यक्रमों की जानकारी दी और विपक्ष पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2027 में विपक्ष के हर मंसूबें को विफल कर फिर सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव तथा राहुल गांधी अपने परिवार की सियासी विरासत को बचाने के लिए लगातार देश में जातिगत आधार पर टकराव पैदा करके देश को कमजोर करने का काम कर रहे है। कांग्रेस ने सदैव बाबा साहेब का विरोध किया और अनुसूचित वर्ग का वोट बैंक के रूप में उपयोग किया। कांग्रेस ने बाबा साहेब का अन्तिम संस्कार दिल्ली में नहीं करने दिया। अपने स्वार्थ में सबसे अधिक संविधान का संशोधन करने वाली कांग्रेस ने अनुसूचित वर्ग के अधिकारों को प्रभावित करने का काम किया। धर्मपाल सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव के शासन काल में उत्तर प्रदेश दलित उत्पीड़न का केन्द्र बनाया गया। दलितों के घर, खेत, खलिहान पर कब्जे किये गए और उनके खिलाफ झूठे मुकदमें लगवाकर उन्हें प्रताड़ित किया गया।
मंडल अध्यक्षों की बैठक में प्रभावी मंडल कार्यसमितियों के गठन का मंत्र
भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने क्षेत्रीय कार्यालय में बैठक के दौरान वाराणसी जिला व महानगर के अनुसूचित वर्ग के जिला व मंडल पदाधिकारियों के साथ अनुसूचित जाति/जनजाति संवाद कार्यक्रम में मंत्रणा की। उन्होंने काशी क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले 16 जिलों के 337 मंडल अध्यक्षों की बैठक में प्रभावी मंडल कार्यसमितियों के गठन का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति वर्ग के आर्थिक, सामाजिक उत्थान तथा राजनैतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सफाई कर्मियों के पैर धुलकर उनका अभिनंदन किया और विश्व को यह संदेश दिया कि भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों में कोई भी व्यक्ति और कोई भी कार्य छोटा नहीं है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने बाबा साहेब से जुडे़ स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर कृतज्ञ श्रद्धांजलि अर्पित की है। डाक टिकट जारी किया गया। बाबा साहेब के नाम से भीम ऐप लांच किया गया। बैठक में स्वागत भाषण भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने दिया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री संजय सोनकर व धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने किया।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी
