
दुमका, 3 मई (Udaipur Kiran) । सड़क किनारे फैली गंदगी और नालियों का गंदा पानी घर में घुसने से परेशान लोगों ने शनिवार को सड़क पर उतर विरोध किया।
मौके पर लोगों ने समस्या से निदान की मांग करते हुए दो घंटे तक दुधानी बाइपास सड़क को गिलानपाड़ा के पास जाम कर दिया। सूचना पर सीओ ने मुखिया को बुलाकर जाम समाप्त कराया।
मुखिया ने नाली निर्माण का आश्वासन दिया। मुहल्ले के लोगों ने बताया कि पीसीसी का निर्माण तो रहा है। लेकिन पानी निकासी के लिए नाला का निर्माण बंद है। लोगों के घरों का गंदा पानी सड़क पर बहते रहता है। हल्की बारिश होने पर पानी घर के अंदर तक आ जाता है। इसी गंदे पानी से होकर मंदिर जाना पड़ता है। कई बार मुखिया और प्रखंड कार्यालय में शिकायत की। डीसी से भी गुहार लगाई। लेकिन समस्या का निदान नहीं हुआ। जाम की सूचना मिलने पर नगर थाना के एएसआई अशोक मिश्रा मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं मानी।
इसके बाद सदर सीओ अमर कुमार और दुधानी पंचायत की मुखिया जूली मरांडी मौके पर पहुंच लोगों से बात की। सीओ ने कहा कि नाली बनवाने का काम प्रखंड कार्यालय का है। मुखिया ही कुछ कर सकती है। मुखिया ने लोगों को आश्वासन दिया कि बीडीओ को समस्या से अवगत कराने के बाद नाली निर्माण करा दिया जाएगा। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त किया।
ग्रामीणों में उमेश ठाकुर, दिगंबर मांझी, कुंदन पुजारी, रितेश, चंदन ठाकुर व राजेश्वरी देवी आदि का कहना था कि लंबे समय से नाली निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन कोई अधिकारी सुनता ही नहीं है। कई बार हर आलाधिकारी को आवेदन दिया, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। अधिकारी बात सुनने के बाद भी जन समस्या के प्रति गंभीर नहीं है। मजबूरी में सड़क पर उतरना पड़ता है।
—————
(Udaipur Kiran) / नीरज कुमार
