नगांव (असम), 03 मई (Udaipur Kiran) । राज्य से इस वर्ष की पवित्र हज यात्रा की शुरुआत हो गई है। शनिवार को राज्य के दो हजार से अधिक हज यात्री मक्का के लिए रवाना हुए। इनमें से पांच हज यात्री नगांव जिले के बटद्रवा के जाजरी क्षेत्र से हैं।
जाजरी से हज पर रवाना होने वाले इन पांच श्रद्धालुओं के नाम हैं – सफी उल्लाह खान, पारबिना बेगम, मर्जिना बेगम, निजामुद्दीन अहमद और रहीमा बेगम। ये सभी शनिवार सुबह गुवाहाटी से विशेष विमान द्वारा हज यात्रा के लिए निकले।
इनकी विदाई के समय जाजरी क्षेत्र में हजारों लोगों की उपस्थिति देखी गई। जाजरी बड़ा मस्जिद में लोगों ने इकट्ठा होकर हज यात्रियों को शुभकामनाएं दीं और उनसे मानवता के लिए दुआ मांगने का अनुरोध किया।
हज कमेटी की ओर से विशेष विमान की व्यवस्था की गई थी, जिसमें 300 से अधिक यात्री एक साथ मक्का के लिए रवाना हुए। विदाई का पूरा माहौल अल्लाहु अकबर के नारों से गूंज उठा।
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश
