
दक्षिण अफ्रीका के विद्यार्थियों ने वृद्धाश्रम की दीवारों पर बनाई पेंटिंग, संस्कृति को किया साझा
हिसार, 2 मई (Udaipur Kiran) । विद्या देवी जिंदल स्कूल के कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत स्कूल के शिक्षकों के साथ दक्षिण अफ्रीका के विद्यार्थी भी मोक्ष वृद्धाश्रम पहुंचे। शिक्षकों व विद्यार्थियों ने मोक्ष वृद्धाश्रम का अवलोकन किया और यहां पर निवास कर रहे बुजुर्गों से मुलाकात की। दक्षिण अफ्रीका के विद्यार्थियों ने शुक्रवार काे शिक्षक अभिमन्यु सोनी व बिंदु वर्मा के निर्देशन में मोक्ष वृद्धाश्रम की दीवारों पर पेंटिंग बनाकर अपनी अभिव्यक्ति की। ये पेंटिंग देखकर बुजुर्गों ने प्रसन्नता व्यक्त की।कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत दक्षिण अफ्रीकी विद्यार्थियों को यहां की कला, संस्कृति, वेशभूषा व रहन-सहन से अवगत करवाया गया। इसके साथ ही बुजुर्गों के अनुभव भी उनसे साझा किए गए। विद्यार्थियों को मोक्ष वृद्धाश्रम में अपनेपन का एहसास हुआ और वे प्रसन्नचित दिखाई दिए। मोक्ष वृद्धाश्रम की संरक्षक माता पंकज संधीर व प्रधान विजय भृगु ने बताया कि विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थी अलग-अलग प्रोजेक्ट के तहत मोक्ष वृद्धाश्रम का अवलोकन करते हैं और यहां की गतिविधियों की जानकारी हासिल करते हैं। इसी कड़ी में दक्षिण अफ्रीकी विद्यार्थियों ने मोक्ष वृद्धाश्रम में समय बिताया और यहां के माहौल से रूबरू हुए। उन्होंने बताया कि हिसार के कैमरी रोड पर स्थित मोक्ष वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को तमाम मूलभूत सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध करवाई जाती हैं। इसके साथ ही चिकित्सा संबधी संपूर्ण सुविधाएं भी निशुल्क हैं। उन्होंने बताया कि मोक्ष वृद्धाश्रम में महिलाओं के लिए मंदबुद्धि आश्रम का संचालन भी किया जा रहा है।
(Udaipur Kiran) / राजेश्वर
