
इंदौर, 2 मई (Udaipur Kiran) । भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा का शुक्रवार सुबह 11 बजे इंदाैर में स्थित रीजनल पार्क मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार हुआ। बेटे मीत ने पिता को मुखाग्नि दी। इससे पहले पार्थिव शरीर को चोइथराम खालसा बाग में मत्था टिकाकर मुक्तिधाम लाया गया। सलूजा का निधन बुधवार दोपहर को हुआ था। लेकिन उनकी बेटी के अमेरिका से लौटने में समय लगने के चलते आज अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम संस्कार में मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक रमेश मेंदोला, मधु वर्मा, आशीष अग्रवाल, सज्जन सिंह वर्मा सहित कई नेता मौजूद रहे। सिख समाज के बड़े पदाधिकारी भी इस दौरान मौजूद थे। जानकारी के अनुसार सलूजा की अंतिम यात्रा में करीब दो हजार लोग शामिल हुए। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ओंकारेश्वर में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। उनके अंतिम संस्कार में मौजूद रहने की संभावना जताई गई थी। लेकिन वे अभी तक इंदौर नहीं लौटे हैं। स्थानीय भाजपा नेताओं के अनुसार मुख्यमंत्री अब दोपहर में शोक संतप्त परिवार से मिलने दिवंगत सलूजा के घर जाएंगे।
बता दें कि 56 साल के सलूजा का बुधवार दोपहर कार्डियक अरेस्ट के चलते निधन हो गया था। दो दिन पहले ही सीहोर के रिसॉर्ट में शादी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां उन्हें घबराहट होने लगी थी। उनके साथ इंदौर के ही कांग्रेस नेता सुरजीत सिंह चड्ढा भी थे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने गैस की गोली खाई थी। इसके बाद इंदौर के लिए रवाना हो गए थे। फिर बुधवार को दोपहर तीन बजे के करीब उन्हें अचानक चक्कर आ गया, जिसके बाद वे बेहोश हो गए। उन्हें आनन-फानन में खंडवा रोड स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। दिवंगत सलूजा की बेटी अमेरिका में पढ़ाई कर रही है। उसे वापस लौटने में करीब 48 घंटे का समय लगना था। ऐसे में सलूजा के पार्थिव शरीर को विशेष जुपिटर हॉस्पिटल की मॉर्चुरी में रखा गया था।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे
