मुंबई, 01 मई (Udaipur Kiran) । बीड़ जिले के आष्टी में कड़ा-देवी निमगांव मार्ग पर गुरुवार को एक पिकअप टेंपो पलट जाने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। इस घटना में 13 लोग घायल हुए हैं। इनमें दो की हालत नाजूक बनी है।
पुलिस के अनुसार दोपहर को 16 मजदूरों को लेकर पिकअप टेंपो देवी निमगांव की ओर जा रहा था। आष्टी में अचानक पिकअप टेंपो का टायर फट गया, जिससे टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना में मौके पर ही श्रावणी विक्रम महाजन (14), रितुजा सतीश महाजन (16) और अजीत महाजन (14) की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही कडग़ांव के पूर्व सरपंच अनिल ढ़ोबले मौके पर पहुंचे और इसकी जानकारी आष्टी पुलिस की टीम को दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही इस घटना में सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया। घायलों में से दो की हालत गंभीर थी, इसलिए दोनों को अहमदनगर के एक अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। शेष 11 लोगों का कड़ा स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
—————
(Udaipur Kiran) यादव
