– भारत-नेपाल सीमा से लगे जिलों में अब तक 36 अवैध मदरसे सील, 131 अवैध अतिक्रमण हटाया
लखनऊ, 30 अप्रैल (Udaipur Kiran) । भारत-नेपाल सीमा से सटे उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रशासनिक स्तर पर अवैध मदरसों, मस्जिदों और अन्य धार्मिक स्थलों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में जनपद श्रावस्ती में बुधवार को चार मदरसों को सील किया गया जो अवैध एवं बिना मान्यता के चल रहे थे। नेपाल बॉर्डर के 15 किलोमीटर के दायरे में अस्थायी और स्थायी अवैध अतिक्रमण को भी विधि सम्मत ध्वस्त किया गया। इस तरह, अब तक 36 अवैध मदरसों को सील किया जा चुका है। कुल 131 अवैध अतिक्रमण को भी ध्वस्त किया जा चुका है। ग्राम भरथा, रोशनगढ़, परगना व तहसील भिनगा में स्थित मस्जिद सरकारी भूमि पर निर्मित थी, जिसके ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है।
पीलीभीत जिले में नेपाल सीमा से 10 किलोमीटर के अंदर सरकारी जमीन पर अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अपर जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने तलाशी अभियान चलाया, जिसमें कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं पाई गई।
महाराजगंज जिले की नौतनवा तहसील में अब तक 13 अवैध मदरसे व मस्जिदों पर कार्रवाई की जा चुकी है। निचलौल तहसील में 6 और फरेंदा में 14 अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई।
लखीमपुर खीरी में भारत-नेपाल सीमा पर दो तहसीलें निघासन और पलिया जुड़ती हैं। तहसील पलिया में कृष्णानगर व चंदन चौकी में क्रमशः अवैध मस्जिद व ईदगाह पर राजस्व व पुलिस की उपस्थिति में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
बलरामपुर में एक मदरसे से कब्जे को हटाया गया है। पांच को नोटिस दिया गया है। जबकि, 2 मजारों पर से अवैध कब्जा हटा लिया गया है और पांच को नोटिस दिया गया है। कुल 13 अवैध अतिक्रमण चिह्नित किए गए और 3 पर कार्रवाई की गई। एक स्थान पर ईदगाह बनी हुई है जिस पर कार्रवाई की जा रही है। निरीक्षण में अब तक कुल 20 मदरसे मानक विहीन पाए गये। इनमें निर्धारित पाठ्यक्रम भी संचालित नहीं किया गया था। इन सभी मदरसों को बंद करा दिया गया है। इसके अतिरिक्त, 2 मदरसों को एक सप्ताह का समय दिए जाने के बावजूद अभिलेख प्रस्तुत न करने पर नोटिस दिया गया है।
बहराइच में को तहसील नानपारा व तहसील मिहींपुरवा में बुधवार को पांच-पांच अवैध अतिक्रमण हटाए गए हैं। इस तरह, अब तक कुल 127 अवैध निर्माण ध्वस्त किए जा चुके हैं। बुधवार को अल्पसंख्यक अधिकारी बहराइच की आख्या के आधार पर एक मदरसे को सीज किया गया। इससे पूर्व पांच अन्य मदरसों को भी सीज किया जा चुका है।
जनपद सिद्धार्थनगर में बुधवार को एक अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई। जनपद में अब तक कुल 17 अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई है। इसमें तीन मस्जिद और चार मदरसे शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के निर्देश पर सीमावर्ती इलाकों में राजस्व और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीमों ने कई स्थानों पर छापेमारी कर अवैध कब्जों को चिन्हित किया। इन पर कार्रवाई की जा रही है। बिना मान्यता और मानक विहीन रूप से संचालित मदरसों को सील किया जा रहा है। सरकारी भूमि पर बने अवैध धार्मिक स्थलों को गिराया जा रहा है। अब तक सैकड़ों अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की जा चुकी है और यह अभियान लगातार जारी है।
—————
(Udaipur Kiran) / दीपक वरुण
