Jharkhand

विदेश यात्रा के खर्च की राशि भी निवेश के रुप में लेकर नहीं लौटे मुख्यमंत्री : प्रतुल

भाजपा प्रवक्ता का प्रेस कॉन्फ्रेंस

रांची, 30 अप्रैल (Udaipur Kiran) । भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने मुख्यमंत्री की स्वीडन और स्पेन यात्रा को व्यक्तिगत पर्यटन के लिहाज से बेहद सफल लेकिन निवेश के लिहाज से पूर्णतः असफल यात्रा बताया। प्रतुल ने कहा कि मुख्यमंत्री यूरोप के दो सबसे दर्शनीय देश का पर्यटन के लिहाज से सफल भ्रमण करके लौट आए हैं।

प्रतुल बुधवार को प्रदेश मुख्यालय में प्रेस वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा के मुख्यमंत्री की जो पहली तस्वीर भी आई थी वह एक ‘ बैकपैकर’ की भूमिका में थी जिसमें मुख्यमंत्री बैग टांगे दूतावास के अधिकारी से गुलदस्ता ले रहे थे।

मुख्यमंत्री अपने कैमरे से दर्शनीय स्थलों के फोटोग्राफ खींचते भी दिखे। प्रतुल ने कहा कि राज्य सरकार ने 11 सदस्यीय दल के लिए लगभग 4.30 करोड रुपये की स्वीकृति देकर राशि एक निजी इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को दे दी है। जबकि रांची के प्रतिष्ठित टूरिस्ट ऑपरेटर रांची से स्वीडन और स्पेन की यात्रा का खर्च प्रति व्यक्ति दो लाख 75 हजार रुपये व्यक्ति बता रहे हैं। अगर मुख्यमंत्री के लिए घूमना ही मकसद था तो इस टूर ऑपरेटर का सहारा ले सकते थे। राज्य के पैसे की भी बचत हो जाती।

प्रतुल ने कहा कि पूरे यात्रा का इवेंट मैनेजमेंट का जिम्मा बाहर की एक कंपनी को दिया गया था। मुख्यमंत्री को स्पष्ट करना चाहिए कि इस कंपनी को इवेंट मैनेजमेंट और सारे प्रोग्राम को मैनेज करने के लिए और कितने करोड रुपए का भुगतान होगा। मुख्यमंत्री के पास अधिकारियों की एक फौज थी तो फिर एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को अलग से रखने का क्या औचित्य था।

उन्होंने कहा कि इस पूरी यात्रा में करोड़ों रुपए फूंके गए लेकिन झारखंड में निवेश का कोई लिखित समझौता की सूचना नहीं आई। मुख्यमंत्री के ऑफिशियल एक्स हैंडल ने जो तस्वीर जारी की उसमें निवेश की संभावनाओं और निवेशकों को आमंत्रण देने से संबंधी सूचना थी। कोई लिखित एग्रीमेंट की सूचना नहीं हुई। यानी मुख्यमंत्री अपने पूरी यात्रा का खर्च के बराबर का भी निवेश लेकर नहीं लौटे।

—————

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे

Most Popular

To Top