Assam

पंचायत चुनाव: पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार समाप्त

गुवाहाटी, 30 अप्रैल (Udaipur Kiran) । असम में दो चरणों में होने वाले पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान 2 मई को होगा। इसके साथ ही पहले चरण का चुनाव प्रचार बुधवार को थम गया। राज्य निर्वाचन आयोग ने 2 अप्रैल को इसकी अधिसूचना जारी की थी।

पहले चरण में 14 जिलों में वोटिंग होगी, जिसमें तिनसुकिया, डिब्रूगढ़, चराइदेव, शिवसागर, माजुली, जोरहाट, गोलाघाट, धेमाजी, लखीमपुर, शोणितपुर, विश्वनाथ, कछार, हैलाकांदी और श्रीभूमि शामिल हैं। दूसरे चरण का मतदान 7 मई को शेष 13 जिलों में होगा। परिणाम 11 मई को घोषित किए जाएंगे।

इस बार के पंचायत चुनाव में करीब 1.8 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिसमें लगभग 90.7 लाख पुरुष, 89.6 लाख महिलाएं और 408 थर्ड जेंडर शामिल हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 4.30 बजे तक होगा।

इस चुनाव को 2026 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले का सेमीफाइनल माना जा रहा है। पंचायत चुनाव में कुल 21,920 ग्राम पंचायत सदस्य, 2,192 अंचल पंचायत सदस्य और 397 जिला परिषद सदस्य चुने जाएंगे।

ग्राम पंचायत सदस्य का चुनाव बिना राजनीतिक पार्टी के चिन्हों पर हो रहा है, जबकि अंचल पंचायत और जिला परिषद सदस्य पार्टी चिन्हों पर चुनाव लड़ रहे हैं। महिला आरक्षण के तहत 10,883 सीटें आरक्षित हैं। वहीं 9,270 सीटें सामान्य हैं।

अब तक भाजपा गठबंधन के 37 उम्मीदवार जिला परिषदों में निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं—35 भाजपा के और 2 असम गण परिषद (अगप) के। अंचल पंचायत में भाजपा के 259 और अगप के 29 उम्मीदवार निर्विरोध विजयी हुए हैं। कांग्रेस को अब तक नौ और एआईयूडीएफ को एक सीट मिली है, जबकि निर्दलीयों ने 13 सीटों पर कब्जा जमाया है।

सत्ता पक्ष जहां एकजुटता से चुनाव प्रचार में जुटा है, वहीं विपक्ष बिखरा नजर आ रहा है। पिछली लोकसभा चुनाव में जीत के बाद कांग्रेस ने जोरहाट में प्रदर्शन किया था, लेकिन बाद में बुरी हार का सामना करना पड़ा। इस बार भी विपक्षी एकता की कमी साफ दिख रही है, जिससे भाजपा गठबंधन को राजनीतिक बढ़त मिलती नजर आ रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा भाजपा गठबंधन का नेतृत्व कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस की कमान भूपेन बोरा ने संभाली है। रायजर दल से अखिल गोगोई और असम जातीय परिषद से लुरिनज्योति गोगोई मैदान में हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पंचायत चुनाव के नतीजे आगामी विधानसभा चुनाव की दिशा तय कर सकते हैं। भाजपा गठबंधन अब तक 300 से अधिक अंचल पंचायत और 30 से अधिक जिला परिषद सीटों पर विजयी हो चुका है।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top