

गाजियाबाद में धूमधाम से मनाई गई परशुराम जयंती
गाजियाबाद, 30 अप्रैल (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के शहरी विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बुधवार को यहां कहा कि भगवान परशुराम ने पापी, विनाशकारी राजाओं और दुष्टों का संहार करने के लिए अवतार लिया था। आज भी भगवान विष्णु के छठे अवतार परशुराम जी धरती पर निवास करते हैं। ऐसे में परशुराम जयंती का बहुत खास महत्व माना जाता है।
श्री शर्मा राष्ट्रीय जागरूक ब्राह्मण महासंघ, अखिल भारतीय त्यागी भूमिहार महासंघ और मेरी आवाज सुनो जनकल्याण समिति के संयुक्त तत्वावधान में भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। वह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। नेहरू नगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। एके शर्मा ने कहा कि परशुराम जी को भगवान विष्णु का छठा अवतार माना जाता है। वैशाख शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि पर प्रदोष काल में विष्णुजी ने परशुरामजी का यह अवतार लिया था। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, उत्तर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार के मंत्री नरेंद्र कश्यप, सांसद अतुल गर्ग, नोएडा के सांसद मंत्री डॉ महेश शर्मा, महापौर सुनीता दयाल, पूर्व मंत्री अनिल शर्मा, विधायक संजय शर्मा, विधायक संजीव शर्मा, अजीत पाल त्यागी, नंदकिशोर गुर्जर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, एमएलसी दिनेश गोयल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मेरी आवाज सुनो जनकल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरडी शर्मा, कार्यक्रम संयोजक केडी त्यागी, संस्था के प्रदेश प्रभारी ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया।
—————
(Udaipur Kiran) / फरमान अली
