
उज्जैन,30 अप्रैल (Udaipur Kiran) । योग गुरु स्वामी रामदेव बुधवार को अक्षय तृतीया के पर्व पर भगवान श्री महाकालेश्वर की भस्मारती में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन कर पूजन अर्चन किया। इसके पश्चात उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ यादव से सौजन्य भेंट की। स्वामी रामदेव ने इस अवसर पर कहा कि विरासत मूलक विकास और संस्कृति के नए प्रतिमान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव प्रतिदिन गढ़ रहे हैं। मध्य प्रदेश धर्म भूमि भी है। मध्य प्रदेश में कृषि से लेकर उद्योग तक हर क्षेत्र में विकास के नये आयाम स्थापित हो रहे हैं,और अब तो मध्यप्रदेश धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्तर पर भी उन्नति कर रहा है। आगामी सिंहस्थ महापर्व को लेकर भी यहां पर समस्त तरह की तैयारीयां हो रही हैं ।
स्वामी रामदेव ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके विशेष प्रयासों और पुरुषार्थ से उज्जैन में आगामी महाकुंभ पर्व का आयोजन किया जा रहा है। भगवान महाकालेश्वर देवाधिदेव महादेव है और उनके अनुग्रह को प्राप्त कर संपूर्ण विश्व में उज्जैन नगरी सांस्कृतिक राजधानी के रूप में विकसित हो रही है। यहां आयोजित होने वाला कुंभ एक दिव्य स्वरूप में आयोजित हो ताकि सनातन धर्म का गौरव एक नए रूप में पूरे विश्व के समक्ष देखने को मिले। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव वीरता और विनय की प्रतिमूर्ति बनकर करोड़ों लोगों की सेवा का कार्य कर रहे हैं।
स्वामी रामदेव ने कहा कि आज अक्षय तृतीया के पर्व पर वे भगवान महाकालेश्वर के दर्शन के लिए आए थे। भस्मारती के दर्शन कर उन्हें दिव्य और अद्भुत अनुभव प्राप्त हुआ है।
स्वामी रामदेव ने बताया कि डॉ. मोहन यादव को जब उनके आगमन की जानकारी मिली, तो उन्होंने स्वयं संपर्क कर मिलने की इच्छा जताई, जो उनकी भक्तिपूर्ण एवं सादगीपूर्ण कार्यशैली को दर्शाता है।
अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री को उज्जैन के निरंतर विकास और कुंभ आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
—————
(Udaipur Kiran) / ललित ज्वेल
