
यात्रा सीजन को बाधित करने का पाप कर रही है कांग्रेस: महेंद्र भट्ट
देहरादून, 29 अप्रैल (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि चारधाम यात्रा प्रारंभ होने वाली लेकिन यात्रा प्रारंभ के दिन ही कांग्रेस की ओर से तथाकथित संविधान बचाओ रैली के नाम पर यात्रा को अव्यवस्थित करने का कुत्सित कार्य किया जा रहा है। यह कांग्रेस की सत्ता से हटने के बाद प्रतिवर्ष की नीति है। उसका उद्देश्य येन केन प्रकारेण चारधाम यात्रा को प्रभावित करना रहता है ताकि पर्यटकों को अव्यवस्था हो और यात्री कम से कम उत्तराखंड आएं। लेकिन यह प्रधानमंत्री के विकास की गाथा है और प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रयास हैं कि यात्रा प्रतिवर्ष विशाल स्वरूप धारण करती जा रही है। लाखों की संख्या में यात्री उत्तराखंड आ रहे हैं, यही कांग्रेस को नहीं पच रहा है।
यह विचार भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भाजपा मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में मंगलवार को व्यक्त किए। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि आज पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत, तीव्र गति से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में एकजुटता से बढ़ रहा है। वहीं अपने नकारात्मक रुख के चलते, कांग्रेस पार्टी और उनकी सहयोगी पार्टियों को अपना राजनैतिक भविष्य शून्य की तरफ खिसकता नजर आ रहा है। यही वजह है कि वे हताशा निराशा में लगातार देश में भ्रम और झूठ फैलाने की राजनीति को आगे बढ़ा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी की प्रस्तावित संविधान बचाओ यात्रा भी, देश समाज को बरगलाकर, अराजक माहौल पैदा कर, जनता के आत्मविश्वास को कमजोर करने की इसी साजिश का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति नॉन स्टॉप जारी है, हालांकि यहां सबसे हैरानी की बात यह भी है कि संविधान बचाने का दावा कौन कर रहा है, वो पार्टी जिसके हाथ लोकतंत्र और संविधान के खून से रंगे हुए हैं। देश के लोकता्त्रिरक इतिहास में सबसे काला अध्याय है यदि कोई है तो वह है आपातकाल, जिसके रचयिता कोई और नहीं कांग्रेस पार्टी है। देश ने देखा, किस तरह हाईकोर्ट के निर्णय से खुद का सिंहासन हिलते देख तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश के लोकतंत्र को बंधक बनाकर आपातकाल थोप दिया था। संसद, न्यायपालिका, कार्यपालिका और पत्रकारिकता सभी का गला घोंटने का प्रयास किया। देश में अब तक 124 बार इस धारा का उपयोग हुआ जिसमें अकेले कांग्रेस पार्टी और उनके सहयोग से चली सरकारों ने 102 बार चुनी हुई सरकारों के दमन में इसका दुरुपयोग किया।
संविधान से छेड़छाड़ कर उसे कमजोर करने का तो उसका लंबा और दागदार इतिहास रहा है। आपातकाल में कांग्रेस ने संसद की अवधि भी पांच से बढ़ा कर छह साल कर दी थी और संविधान में बदलाव का ऐसा प्रस्ताव लाया गया था जिसमें इंदिरा गांधी को ताउम्र प्रधानमंत्री बनाने और न्यायपालिका को सरकार की नीतियों के साथ चलने का प्रस्ताव लाया गया था। संविधान की मूल प्रस्तावना में छेड़छाड़ करते हुए उसमें समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष जैसे शब्दों को जोड़ा गया।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस ने संविधान के विपरीत जाकर जम्मू-कश्मीर में 370 लागू कर उसे देश से अलग दिखाने का पाप किया। एक देश में दो संविधान, दो विधान और दो निशान की इसी भावना ने कश्मीर को आतंक की भट्टी में झोंके रखा।
उन्होंने कहा कि पीएम और पीएमओ को कंट्रोल करने के लिए सोनिया गांधी की अध्यक्षता में नेशनल एडवाइजरी काउंसिल बनाकर करोड़ों लोगों के जनमत का अपमान किया गया। देश दुनिया ने देखा कैसे लोकतंत्र में भी रिमोट कंट्रोल से सरकार चलाई जाती है।
पत्रकार वार्ता का संचालन सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह नेगी ने किया जबकि मंचासीन अतिथियों में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के साथ प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व विधायक मुकेश कोली, संजीव वर्मा, कमलेश
रामन।
(Udaipur Kiran) / राम प्रताप मिश्र
