WORLD

रूस ने यूक्रेन में 8 से 10 मई तक युद्धविराम की घोषणा की

मॉस्को, 28 अप्रैल (Udaipur Kiran) । रूस ने द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी पर विजय की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में यूक्रेन में 8 से 10 मई तक पूर्ण युद्धविराम की घोषणा की है। क्रेमलिन ने सोमवार को बताया कि यह युद्धविराम 08 मई की मध्यरात्रि से प्रभावी होगा और 10 मई तक जारी रहेगा।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मानवीय आधार पर इस दौरान सभी सैन्य अभियानों को रोकने का आदेश दिया है। 09 मई को रूस में ‘विजय दिवस’ बड़े धूमधाम से मनाया जाता है, इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। क्रेमलिन ने उम्मीद जताई है कि यूक्रेन भी इसी तरह का आदेश देगा।

यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप यूक्रेन में शांति बहाली के प्रयासों को तेज कर रहे हैं। अब तक पुतिन ने बिना शर्त पूर्ण युद्धविराम से इनकार किया था और इसे पश्चिमी देशों द्वारा यूक्रेन को हथियार आपूर्ति बंद करने तथा यूक्रेन की सैन्य लामबंदी रुकने से जोड़कर देखा था।

रूस ने चेतावनी भी दी है कि युद्धविराम के उल्लंघन पर सख्त प्रतिक्रिया दी जाएगी। साथ ही रूस ने शांति वार्ता के लिए शर्त भी रखी है। उसने कहा है कि वार्ता तभी संभव होगी जब यूक्रेन रूसस के कब्जाए क्षेत्रों को कानूनी मान्यता देगा।

—————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Most Popular

To Top