
मुंबई, 28 अप्रैल (Udaipur Kiran) । महानगर के बीकेसी स्थित जियो वर्ल्ड सेंटर में 1 से 4 मई तक ‘विश्व ऑडियो विजुअल एंटरटेनमेंट समिट’ का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 1 मई को इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के मुद्दों पर सेमिनार, गोलमेज सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। यह जानकारी सोमवार को राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने दी है।
उद्योग मंत्री उदय सामंत यहां पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। मंत्री सामंत ने बताया कि मुंबई अंतरराष्ट्रीय स्तर का शहर है। मुंबई को विशेष रूप से हिंदी फिल्म उद्योग के घर के रूप में जाना जाता है। भारतीय सिनेमा के पितामह दादा साहब फाल्के ने मराठी फिल्मों की शुरुआत महाराष्ट्र में की थी। पिछले तीन सालों में महाराष्ट्र में विदेशी निवेश मामले में नंबर वन रहा है। इसलिए औद्योगिक क्षेत्र में भी महाराष्ट्र और मुंबई नंबर वन बने हुए हैं। महाराष्ट्र पर्यटन के मामले में भी राष्ट्रीय स्तर पर अन्य देशों के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहा है।
उदय सामंत ने बताया कि इस कार्यक्रम की मेजबानी महाराष्ट्र सरकार कर रही है और इसका आयोजन मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के नेतृत्व में किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 1 मई को पूरे दिन मुंबई में रहेंगे। उनके साथ विदेश मंत्री एस जयशंकर, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजीत पवार भी रहेंगे।
उद्योग मंत्री सामंत ने कहा कि इस विश्व दृश्य-श्रव्य मनोरंजन शिखर सम्मेलन का उद्देश्य सभी पर्यटन स्थलों को वैश्विक स्तर पर ऊपर उठाना है। केन्द्र सरकार इस आयोजन के लिए मुंबई शहर को इसलिए चुना है ताकि महाराष्ट्र की सांस्कृतिक, औद्योगिक और पर्यटन संस्कृति और इसकी कुछ परंपराओं को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा दिया जा सके। उद्योग मंत्री सामंत ने बताया कि इस कार्यक्रम में 33 देशों के मंत्री और मंत्री स्तर के अधिकारी तथा 120 अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के सीईओ उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में बॉलीवुड, टॉलीवुड और मराठी फिल्म उद्योग के कई दिग्गज अभिनेता और निर्माता भी भाग लेंगे।
उन्होंने बतायाकि इस चार दिवसीय कार्यक्रम के लिए भारत मंडप, महाराष्ट्र मंडप, तेलंगाना मंडप के साथ-साथ अन्य संगठनों के मंडप भी बनाए जाएंगे। इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में सेमिनार, गोलमेज सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल होंगे। विशेषकर तीसरे दिन यानी 3 मई को नवी मुंबई में स्थित डीवाईए पाटिल स्टेडियम में एआर रहमान का संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा है। उदय सामंत ने अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन महाराष्ट्र के सांस्कृतिक, औद्योगिक और पर्यटन क्षेत्र को वैश्विक मंच पर ले जाने का एक अवसर है। राज्य सरकार इस बड़े आयोजन के लिए सभी के सहयोग की अपेक्षा करती है।
—————
(Udaipur Kiran) यादव
