
अलवर, 27 अप्रैल (Udaipur Kiran) । सिक्किम के राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर ने रविवार को अलवर के प्रताप ऑडिटोरियम में आयोजित एक अभिनंदन समारोह में कहा कि भारत अब आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने की स्थिति में है। उन्होंने पहलगाम हमले के संदर्भ में कहा कि कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं कि कुछ नहीं किया गया, जबकि सच्चाई यह है कि हमले के तीसरे दिन ही भारत ने सिंधु जल समझौते को तोड़ते हुए पाकिस्तान को पानी देना बंद करने का निर्णय लिया था।
माथुर ने कहा कि आने वाले दिनों में पाकिस्तान को एक बूंद पानी भी नहीं दिया जाएगा। वे प्यासे मरेंगे और वह पानी हमारे देशवासियों के काम आएगा। उन्होंने आतंकवादियों के समर्थकों को चेतावनी देते हुए कहा कि भारत ने हर आतंकी हमले का करारा जवाब दिया है और भविष्य में भी देगा। राज्यपाल माथुर ने विश्वास जताया कि अब भारत की सुरक्षा शक्ति इतनी मजबूत हो चुकी है कि अमेरिका, रूस, ईरान और यूएई जैसे बड़े देश भी भारत के साथ खड़े हैं।
अपने संबोधन में उन्होंने चीन का भी जिक्र करते हुए कहा कि भारत अपनी सीमाओं पर मजबूती से खड़ा है। उन्होंने 1962 के युद्ध का उल्लेख करते हुए कहा कि हम कमजोर नेतृत्व के कारण हारे थे, लेकिन अब परिस्थितियां पूरी तरह से बदल चुकी हैं। भारत की एक इंच जमीन भी चीन ने नहीं दबाई है। हमारे सैनिक 1972 से सीमाओं पर मजबूती से डटे हुए हैं।
राज्यपाल माथुर ने भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भाजपा अब एक बड़ी पार्टी बन गई है, जहां कर्मठ कार्यकर्ताओं को लगातार आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का उदाहरण देते हुए कहा कि पार्टी में मेहनत और निष्ठा का सम्मान किया जाता है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने पहलगाम हमले की निंदा करते हुए इसे भारत की आत्मा पर हमला करार दिया और कहा कि देश इसका माकूल जवाब देगा। आतंकवाद के अंत का संकल्प व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि जब-जब आतंक चलेगा चाल, क्रूर निरंकुश बनेगा विकराल, कालिया नाग का मर्दन तब उचित है, आतंकवाद का अंत अब सुनिश्चित है।
भूपेंद्र यादव ने यह भी जानकारी दी कि सिक्किम के राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर ने सांसद निधि से ई-लाइब्रेरी की श्रृंखला शुरू की थी। इसी कड़ी में अलवर के विवेकानंद स्मारक परिसर में नवनिर्मित ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन किया गया और ‘ई-गुरुकुल ज्ञान वाहन’को भी रवाना किया गया, जो डिजिटल शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाएगा।
कार्यक्रम में राजस्थान के वन मंत्री संजय शर्मा ने भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के आने के बाद प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने यह भी बताया कि अलवर में पानी आपूर्ति के लिए सिलीसेढ़ योजना पर काम तेज़ी से चल रहा है और जल्द ही शहरवासियों को पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराया जाएगा। अभिनंदन समारोह में भाजपा कार्यकर्ताओं, गणमान्य नागरिकों और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या उपस्थित रही।
—————
(Udaipur Kiran) / रोहित
