
कटिहार, 26 अप्रैल (Udaipur Kiran) । जिले के 36 ग्राम संगठनों में शनिवार को महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 7982 महिलाओं ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में महिलाओं ने अपनी बातों को खुलकर रखा और सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
महिलाओं ने स्कूलों में साइकिल और पोशाक योजना के लाभ, आवास और शौचालय के मुद्दों, स्मार्ट मीटर को हटाने की मांग, ग्राहक सेवा केंद्र, महिला चौकी, बस और टेम्पू स्टैंड की मांग जैसे विषयों पर चर्चा की। इसके अलावा, जीविका भवन का निर्माण, बकरी शेड का निर्माण, वृद्धा पेंशन में वृद्धि, विधवा पेंशन में वृद्धि, पानी की समस्या और खेल के मैदान जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम में जीविका की दीदियों के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित महिला लाभार्थी भी भाग ले रही हैं और अपना अनुभव साझा कर रही हैं। महिलाएं सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए कार्यों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में संवाद रथ के माध्यम से वीडियो दिखाकर योजनाओं और उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी जा रही है। महिलाएं लीफ्लेट्स के माध्यम से भी सरकार के विभिन्न योजनाओं को समझ रही हैं। कार्यक्रम में महिलाओं ने माननीय मुख्यमंत्री महोदय के संदेश को पढ़ा और सफल महिलाओं ने सरकार के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने सामूहिक रूप से शपथ लेते हुए सामाजिक विकास और सुधार संबंधित मुद्दों को प्रमुखता से बल प्रदान करने की बात कही।
—————
(Udaipur Kiran) / विनोद सिंह
