मंडी, 26 अप्रैल (Udaipur Kiran) । हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद और पूर्व केन्द्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को मंडी जिले के सुंदरनगर में एक जनसभा में डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान के तहत बाबा साहेब के योगदान पर प्रकाश डाला और कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री ठाकुर ने कहा कि बाबा साहेब ने भारत को संविधान देकर राष्ट्र को प्रगति का रास्ता दिखाया, लेकिन कांग्रेस ने स्वतंत्रता के बाद से ही उनके संविधान की आत्मा को कमजोर करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा, “नेहरू ने संविधान में लगातार संशोधन कर बाबा साहेब के मूल विचारों को बदला। इंदिरा गांधी के शासन में आपातकाल लगाकर संविधान को ही तार-तार कर दिया गया।” अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अंबेडकर को संविधान सभा में भेजने से रोकने के लिए उनके निर्वाचन क्षेत्र को पाकिस्तान को दे दिया, बाद में हिंदू महासभा के नेता एमआर जयकर ने अपनी सीट त्याग कर उन्हें अवसर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि दो लोकसभा चुनावों में कांग्रेस ने अंबेडकर को हराया और खुद नेहरू ने उनके खिलाफ प्रचार किया।
उन्होंने कहा, “1951 में मंत्रिमंडल से इस्तीफा देते हुए अंबेडकर ने नेहरू पर आर्थिक नीतियों से दूर रखने और मुस्लिम तुष्टिकरण का आरोप लगाया था। कांग्रेस ने अंबेडकर के निधन के बाद दिल्ली में उनकी अंत्येष्टि की अनुमति तक नहीं दी गई।”
ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने पंच तीर्थ का निर्माण, अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर, संविधान दिवस और उनकी जयंती को राष्ट्रीय अवकाश घोषित कर सच्चा सम्मान दिया। उन्होंने कहा, “बाबा साहेब को भारत रत्न कांग्रेस नहीं, वीपी सिंह की गैर-कांग्रेस सरकार ने अटल के अनुरोध पर दिया था।”
—————
(Udaipur Kiran) शुक्ला
