CRIME

बलरामपुर : जंगली सूअर समझकर युवक ने अपने ही साथी पर चला दी गोली, मौत

बलरामपुर, 26 अप्रैल (Udaipur Kiran) । बलरामपुर जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिमलापुर के जंगल में शुक्रवार काे जंगली सूअर का शिकार करने गए युवक ने बंदूक से अपने ही साथी की जान ले ली। घटना की जानकारी पुलिस को शाम में मिली। मृत युवक के शव का आज शनिवार को पंचनामा कराया जा रहा है। आरोपित को पुलिस ने हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डिंडो पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेलसर निवासी राजेंद्र पंडों (40 वर्ष) गांव के अन्य साथी मुकेश आयाम (18 वर्ष) एवं अन्य ग्रामीणों के साथ शुक्रवार को बिमलापुर जंगल में जंगली सूअर का शिकार करने गया हुआ था। शिकार के दौरान सूअर समझ कर उसने अपने ही साथी पर भरमार बंदूक से गोली चला दी। गोली मुकेश आयाम को पीठ में लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद राजेंद्र पंडों सहम गया। वापस गांव पहुंचने के बाद उसने यह सूचना ग्रामीणों को दी।

सूचना के बाद जब ग्रामीण जंगल पहुंचे तो वहां पर मुकेश आयाम का शव पड़ा हुआ था। देर शाम डिंडो पुलिस को इसकी सूचना दी गई। देर रात होने के कारण शव का पंचनामा नहीं हो सका। पुलिस ने आज शनिवार शव को शव कब्जे में लेकर पंचनामा करवाई। इधर, आरोपित को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

एसडीओपी बाजीलाल सिंह ने बताया कि, सूअर के भ्रम में राजेंद्र पंडो द्वारा गोली चलाना बताया गया है। उनके और साथी भी जंगल में शिकार के लिए गए होंगे। शिकार के लिए एक या दो ग्रामीण नहीं जाते हैं। पुलिस इसकी जांच कर रही है। पुलिस ने भरमार बंदूक को जब्त कर लिया है।

(Udaipur Kiran) / विष्णु पाण्डेय

Most Popular

To Top