
गुवाहाटी, 25 अप्रैल (Udaipur Kiran) । प्रदेश में आगामी पंचायत चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनावी अभियान तेज कर दिया है। दो चरणों में होने वाले ये चुनाव 2 और 7 मई को आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और पबित्र मार्गेरीटा समेत अन्य प्रमुख नेताओं, मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ पदाधिकारियों के नेतृत्व में राज्यभर में जनसभाएं आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में शनिवार सुबह 9 बजे, गुवाहाटी स्थित भाजपा के राज्य कार्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में पार्टी का पंचायत चुनाव ‘संकल्प पत्र’ मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया द्वारा जारी किया जाएगा। यह संकल्प पत्र राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास की रूपरेखा प्रस्तुत करेगा।
भाजपा द्वारा तैयार किए गए इस संकल्प पत्र में प्रदेश के जागरूक नागरिकों से विचार-विमर्श कर उनके सुझावों को सम्मिलित किया गया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता मनोज बरुवा ने विश्वास जताया कि इसमें किए गए वादे हर वर्ग के लोगों की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे।
संकल्प पत्र विमोचन कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण अर्थव्यवस्था, संस्थागत सशक्तिकरण और सामाजिक व्यवस्थाओं को मजबूती देने हेतु विशेष योजनाएं घोषित की जाएंगी। इसके साथ ही ग्रामीण विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 13 विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
सम्मानित होने वाले व्यक्तियों में शामिल हैं:
रंजीब शर्मा (अध्यक्ष, सीता जाखला डेयरी कोऑपरेटिव सोसाइटी), अनुपम डेका (डायरेक्टर, असम गौरव-एसआरडी ग्रुप), कृषि आयोजक पुष्पधर कछारी, ग्रामीण उद्यमी रूना रफीक, असम गौरव टी उत्पादक तेंजिंग बोडोसा, जैविक कृषि मॉडल किसान उत्पल कलिता, गो आधारित जैविक खेती मॉडल किसान जयंत मल्ल बुजरबरुवा, मॉडल किसान देबब्रत राभा, मत्स्य पालन विशेषज्ञ गुरु प्रसाद दास, काष्ठ पुष्प उत्पादक तुलिका गोगोई, पारंपरिक परिधान निर्माता (असम गौरव) जेसीन कुम्बांग पाव तथा मत्स्य उत्पादक (असम गौरव) देवजीत बर्मन, उद्यमी (असम गौरव) नीलम दत्ता।
पार्टी का दावा है कि यह संकल्प पत्र राज्य के ग्रामीण क्षेत्र के विकास को एक नई दिशा देगा।
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश
