Delhi

दिल्लीवासियों को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए प्रतिबद्ध- राजा इकबाल सिंह

दिल्ली के नए महापौर और उपमहापौर

नई दिल्ली, 25 अप्रैल (Udaipur Kiran) । दिल्ली के नवनिर्वाचित महापौर राजा इकबाल सिंह ने कहा है कि नगर निगम में भाजपा की सरकार दिल्लीवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।

जीत के बाद सभी का आभार व्यक्त करते हुए इकबाल ने कहा कि शहर में स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं की दिशा में योजनाबद्ध रूप से सकारात्मक कार्य किये जायेंगे। कूड़े के पहाड़, जलभराव की समस्या के समाधान की तरफ विशेष ध्यान दिया जायेगा। गत वर्षों में विकास की गति धीमी हो गयी थी, उसको गति दी जायेगी और जनता के हित में बिना भेदभाव के कार्य किया जायेगा।

इकबाल ने कहा कि दिल्ली नगर निगम के अधीन आने वाली सड़कों, पार्कों, और अन्य सार्वजनिक बुनियादी ढाँचे को लेकर योजना बनायी जाएगी और उनको लागू करने करने के लिए सभी के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। हम काम करने में विश्वास करते है और काम करके दिखाएंगे और इसके लिए सभी का सहयोग अपेक्षित है।

दूसरी ओर उपमहापौर के पद पर निर्वाचित भाजपा के जय भगवान यादव ने जनहित में कार्य करने का भरोसा दिलाया।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी ने महापौर और उपमहापौर पद के चुनाव का बहिष्कार किया और चुनाव में भाग नहीं लिया। वहीं अंतिम समय में कांग्रेस की उपमहापौर पद की उम्मीदवार अरीबा खान नेे नामांकन वापस ले लिया। केवल महापौर पद के लिए हुए मतदान में राजा इकबाल ने कांग्रेस के उम्मीदवार मनदीप सिंह को 125 वोटों से हराया। वहीं उपमहापौर के लिए जय भगवान यादव निर्विरोध निर्वाचित हुए।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top