
सरायकेला, 22 अप्रैल (Udaipur Kiran) । सदर थाना क्षेत्र के जगन्नाथ मंदिर के समीप रहने वाली तनीषा खंडेत ने अपनी नानी सुमित्रा नायक (72) की धारदार हथियार से मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपित नतिनी रात भर शव के पास बैठी रही और मंगलवार सुबह तक नानी को जिन्दा करने का दावा कर रही थी। उसके दावे के आगे परिवार के लोग विवश हो गए, क्योंकि उसने अपने हाथ में धारदार हथियार पकड़ा हुआ था। घटना सोमवार देर रात की है। तनीषा को अंधविश्वास था कि वह जो कर रही है उसे मां मंगला कर रही हैं। घटना की सूचना मिलने पर मंगलवार की सुबह सरायकेला पुलिस पहुंची और आरोपित तनीषा को उसकी दोनों बहनों के साथ पकड़कर थाना ले आई। पूछताछ में यह बात सामने आई कि तनीषा ने ही नानी की हत्या की है। पुलिस ने तनीषा को गिरफ्तार कर लिया है और दोनों नाबालिग बहनों को छोड़ दिया है।
नानी को देखते ही कहने लगी जादू टाेना की बातें
परिजनों के अनुसार तनीषा की दो दिन पहले तबीयत खराब हो गई थी, जिसके लिए उसे झाड़फूंक करा कर उसके गले में एक धागा बांधा गया था। इसके बाद भी जब वह ठीक नहीं हुई तो तनीषा की मां ने बेगनाडीह निवासी अपनी मां सुमित्रा नायक (72) को अपने घर बुलाया। नानी के आने के बाद से ही झगड़ा शुरु हो गया। तनीषा नानी को देखते ही कहने लगी कि उसी ने उस पर जादू टोना किया है और वह उसे नहीं छोड़ेगी। उसे सब कुछ पता चल रहा है। क्योंकि उसके ऊपर मां मंगला का साया है। घर में झगड़ा होने की खबर जब सरायकेला पुलिस को हुई तो पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन तनीषा ने कहा कि उनके घर में कोई झगड़ा नहीं हो रहा है। तब पुलिस वहां से लौट गई। अगर पुलिस ने इस घटना को गंभीरतापूर्वक लिया होता तो वृद्ध सुमित्रा की जान बच सकती थी।
पुलिस के जाने के बाद नानी कमरे में बैठकर टीवी देख रही थी उसी दौरान तनीषा ने नानी से झगड़ा करने लगी। नानी ने तनीषा को समझाने का प्रयास किया। लेकिन तनीषा आक्रोशित होकर नारियल काटने वाले हथियार से नानी पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। नानी के गले और शरीर के कई हिस्सों पर बारी बारी से हमला किया। यह देख दोनों नाबालिग बहनों ने उसे बचाने का प्रयास किया तो तनीषा ने उन दोनों को भी मारने की धमकी देते हुए उनपर हथियार को तान दिया, जिससे भयभीत होकर दोनों बहनें कमरे से बाहर भाग आई और घटना की सूचना अपनी मां को दी।
नानी को जीवित करने का किया दावा
घटना के वक्त मां छत पर थी। छत से उतरकर मां ने जब कमरे में प्रवेश किया तो सामने जमीन पर गिरी अपनी मां को देखकर उसके होश उड़ गए। तब तक तनीषा कहने लगी कि उसके ऊपर मां मंगला सवार है। उसने यह सब नहीं किया। कैसे हुआ उसे नहीं पता। लेकिन वह सुबह तक नानी को फिर से जिंदा कर देगी। यह कह कर वह नानी के शव के पास बैठ कर कुछ बुदबुदाने लगी। उसकी इस हरकत को देखकर घर के अन्य सदस्य भयभीत हो गए और सुबह होने का इंतजार करने लगे। जैसे ही सुबह हुई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित तनीषा को गिरफ्तार कर लिया। जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। थाना प्रभारी सतीश वर्णवाल ने बताया कि नतिनी तनीषा ने अपनी नानी सुमित्रा नायक की अंधविश्वस के कारण धारदार हथियार से मारकर हत्या कर दी है। उससे पूछताछ की जा रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak
