Uttar Pradesh

(अपडेट) प्रयागराज की शक्ति दुबे यूपीएससी परीक्षा में ऑल इंडिया टॉपर

शक्ति दूबे

प्रयागराज, 22 अप्रैल (Udaipur Kiran) । यूपीएससी-2024 के आज, मंगलवार को घोषित परिणामों में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की शक्ति दुबे ने ऑल इंडिया रैंक में प्रथम स्थान हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने इस उपलब्धि पर उनको बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

सिविल सेवा परीक्षा-2024 की परीक्षा में शक्ति दुबे ने टॉप (रैंक-प्रथम) हासिल की है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बायो कैमिस्ट्री में स्नातक किया है। इसके बाद बीएचयू से पढ़ाई की। यूपीएससी में उन्होंने वैकल्पिक विषय के रूप में राजनीति विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय सम्बंध (पॉलिटिकल साइंस एंड इंटरनेशनल रिलेशंस) लिया था। यह उनका पांचवा अटेम्प था। पिछले अटेम्प में वह 12 नंबर से कटआफ क्लियर करने से रह गईं थीं। शक्ति दुबे के पिता का नाम देवेन्द्र दुबे है।

वहीं हरियाणा की हर्षिता गोयल दूसरे स्थान पर रही हैं। हर्षिता के पिता गुजरात में प्राइवेट जाब करते हैं। पुणे महाराष्ट्र के अर्चित पराग डोंगरे तीसरे स्थान पर रहे। गुजरात की रहने वालीं मार्गी चिराग शाह चौथे और दिल्ली निवासी आकाश गर्ग पांचवे स्थान पर रहे। इसी प्रकार टॉप टेन की सूची के अनुसार छठे स्थान पर सहारनपुर की कोमल पुनिया, सातवें पर ग्वालियर मध्य प्रदेश की रहने वालीं आयुषी बंसल, आठवीं रैंक पर बिहार के सीतीमढ़ी निवासी राज कृष्ण झा, नौवीं रैंक पर हरियाणा के बहादुरगढ़ के आदित्य विक्रम एवं दसवें स्थान पर यूपी के कन्नौज के रहने वाले मयंक त्रिपाठी आए हैं।

—————

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top