Haryana

विनेश फोगाट को प्लॉट के साथ चार करोड़ भी मिलेंगे

चंडीगढ़, 22 अप्रैल (Udaipur Kiran) । ओलंपियन खिलाड़ी और जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट की दोनों मांगों को सरकार ने स्वीकार कर लिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार काे खेल विभाग की ओर से विनेश फोगाट के पत्र के हिसाब से भेजे गए प्रपोजल पर भी साइन कर दिया है।

ओलंपिक खेलों में विनेश फोगाट फाइनल मुकाबले तक पहुंचीं थीं। ओवरवेट होने की वजह से उन्हें डिस-क्वालीफाई कर दिया गया। इसके बाद भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विनेश फोगाट को सिल्वर मेडल विजेता खिलाड़ी की तरह सम्मान देने का ऐलान किया था। विधानसभा के हालिया बजट सत्र में विनेश फोगाट ने अपनी इनाम राशि का मुद्दा उठाया था।

विधानसभा में यह मामला उठने के बाद सरकार की ओर से विनेश फोगाट को तीन विकल्प दिए थे। तीनों विकल्पों में से किसी एक विकल्प को चुनने के लिए विनेश फोगाट को कहा गया था। पहला विकल्प 4 करोड़ रुपये नकद इनाम राशि और दूसरा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण का प्लॉट था। तीसरा विकल्प खेल विभाग में सीधे डिप्टी डायरेक्टर की नौकरी का दिया गया था।

सरकार के पत्र के बाद विनेश फोगाट ने दो विकल्प चुने और सरकार को पत्र लिखा। उन्होंने चार करोड़ रुपये के नकद इनाम के साथ एचएसवीपी के प्लाट की डिमांड भी की। मुख्यमंत्री ने उनकी दोनों मांगों को मान लिया। अब मुख्यमंत्री के हस्ताक्षर के बाद खेल विभाग द्वारा विनेश फोगाट को नकद इनाम देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही, एचएसवीपी को प्लॉट के लिए पत्र लिखा जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top