
उज्जैन, 21 अप्रैल (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सोमवार को उज्जैन प्रवास के दौरान वेद नगर गुजराती धर्मशाला के पास स्थित ब्रह्माकुमारी आश्रम शिव दर्शन धाम पहुंचकर वहां परम श्रद्धेय राज योगिनी दीदी डॉ रतन मोहिनी जी के अव्यक्तारोहण पर उनकी दिव्य स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां पर उन्होंने परम श्रद्धेय राज योगिनी दीदी रतन मोहिनी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किये। स्व डॉ रतन मोहिनी जी प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की मुख्य प्रशासिका एवं युवा प्रभाग की राष्ट्रीय अध्यक्षा थीं । वे 101 वर्ष की थीं। उनका देहावसान विगत 8 अप्रैल को हो गया था।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि दीदियों का यह संस्थान संसार में ईश्वर की असीम अनुकंपा है जो ऐसा लगता है कि भीषण गर्मी में भी हमें शीतलता प्रदान करती हैं। हमें अपना जीवन अपने प्रारब्ध से मिलता है, लेकिन हमारे कर्मों के हिसाब से ही हमारा जीवन निश्चित होता है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि ईश्वर से शिकायत करने का अधिकार किसी को नहीं है, उन्होंने हमें अपने प्रारब्ध के अनुसार ही इस धरा पर भेजा है और हमें अपने कर्मों से इसे और बेहतर बनाना है|
इन अवसर पर दीदी के द्वारा मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह से सम्मानित भी किया गया। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए तथा पुण्य स्मरण समारोह में शामिल हुए। इस दौरान ब्रह्माकुमारी आश्रम की संभाग निर्देशिका उषा दीदी एवं अन्य सदस्य मौजूद थे।
—————
(Udaipur Kiran) / ललित ज्वेल
