HimachalPradesh

पांवटा साहिब में यमुना किनारे पेड़ से लटका मिला शव

नाहन, 20 अप्रैल (Udaipur Kiran) ।

पांवटा साहिब से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यमुना पथ पर यमुना नदी के किनारे एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया है। बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति ने आत्महत्या की है। रविवार को जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तो शव को बरामद करने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। शव एक गहरी खाई में पेड़ से लटका हुआ था, जिससे उसे निकालना काफी चुनौतीपूर्ण साबित हुआ।

एसएचओ देवी सिंह ने जानकारी दी कि आस-पास के लोगों ने पुलिस को बताया कि पिछले तीन दिनों से वहां से बदबू आ रही थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची और शव को देखा तो अंदाजा लगाया गया कि शव कम से कम चार से पांच दिन पुराना है। शव बुरी तरह सड़ चुका था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वह काफी दिनों से वहीं पड़ा था। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह जगह डीएसपी कार्यालय के बेहद पास है और यमुना पाथ पर प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग टहलने और घूमने आते हैं। कई कपल्स यहां शाम को समय बिताते हैं, लेकिन किसी ने भी इस शव को नहीं देखा या इसकी जानकारी नहीं दी। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान की कोशिश की जा रही है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि आत्महत्या के पीछे की वजह क्या रही।

—————

(Udaipur Kiran) / जितेंद्र ठाकुर

Most Popular

To Top