
झुंझुनूं, 20 अप्रैल (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शेखावाटी क्षेत्र की तीन दिवसीय यात्रा के दूसरे दिन झुंझुनूं जिले के मंडावा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार आमजन की सरकार है और हम जन-जन की सेवा के संकल्प के साथ आए हैं। हमारी सरकार संकल्प पत्र के वादों को पूरा करते हुए युवाओं और किसानों के सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने किसानों के लिए सम्मान निधि से लेकर गेंहू की एमएसपी में बढ़ोतरी की है। उन्होंने युवाओं को मेहनत करने का संदेश देते हुए कहा कि आप मेहनत करिए, राज्य सरकार युवाओं के सपनों को पूरा करेगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अब तक 69 हजार नियुक्तिया दे चुकी है, शीघ्र ही हम एक लाख नियुक्तियों के लक्ष्य तक पहुंच जाएंगे।
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में वर्ष 2014 से आया परिवर्तन हम सबको दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि युवा, किसान, महिला और मजदूर यदि मजबूत होगा तो प्रदेश एवं देश मजबूत होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिलाओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध करवा कर और घर घर शौचालय बनवाकर माता बहनों को सम्मान दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झुंझुनूं में कांग्रेस नेता चुनावों के समय यमुना जल को याद करते थे लेकिन केन्द्र व राज्य सरकारों ने महत्वपूर्ण पद पर रहते हुए भी शेखावाटी के लिए कुछ काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने हरियाणा के साथ यमुना जल समझौता किया। उसके बाद कांग्रेस ने हरियाणा चुनाव में अपने घोषणा पत्र में कहा था कि सरकार में आते ही वह शेखावाटी यमुना जल समझौते को रद्द कर देंगे। तब यहां के बड़े कांग्रेसी नेताओं ने कोई विरोध नहीं किया। मैं आपके बीच यह विश्वास दिलाने आया हूं कि यमुना जल समझौते पर तेजी से कार्य हो रहा है और इसकी प्रवाह प्रणाली की डीपीआर बनाने का काम प्रारंभ हो चुका है।
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हर घर नल से जल पहुंचाने के संकल्प किया लेकिन राजस्थान में कांग्रेस की सरकार ने जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार किया। कांग्रेस ने जनता के पैसे का दुरूपयोग किया और उन्हें अब जांच एजेंसियों का डर सता रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग मुझसे कहते हैं कि भीषण गर्मी में आप दौरे कर रहे हो मेरा कहना है कि मैं किसान का बेटा हूं और किसान के बेटे को धूप नहीं लगती। उन्होंने शेखावाटी के लोगों की जिजीविषा की तारीफ करते हुए कहा कि यहां किसान खेत में काम करता है और किसान का बेटा यानी जवान सीमा पर देश की रक्षा करता है।
कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के मंत्री अविनाश गहलोत, नगरीय विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा, पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार, भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी सहित विभिन्न पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
शेखावाटी जवानों और किसानों की धरती
: मुख्यमंत्री
नवलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के मुकुंदगढ़ में आयोजित स्वागत एवं आभार सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शेखावाटी जवानों और किसानों की धरती है। यहां का युवा सेना में शामिल होकर देश सेवा के लिए हमेशा आगे रहता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वन रैंक वन पेंशन योजना लागू की, जिसका लाभ शेखावाटी के लोगों को भी मिल रहा है। किसान बड़ी उम्मीद के साथ अपने बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाता है ताकि वह नौकरी पाकर उसके बुढ़ापे का सहारा बनेगा मगर कांग्रेस सरकार ने पेपर लीक से उनके सपनों को चकनाचूर हुए। हमारी सरकार के 16 महीने में एक भी पेपरलीक नहीं हुआ है।
शर्मा ने कहा कि कांग्रेस झूठ, लूट और तुष्टिकरण की राजनीति करती है। देश में सबसे ज्यादा समय तक रहने वाली सरकार के शासन काल में भ्रष्टाचार का आलम यह था कि वह खुद कहते थे कि एक रुपया भेजने पर जनता तक 15 पैसे ही पहुंचते हैं। लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की सरकार में सौ रुपए भेजे जाते हैं तो लोगों तक पूरे सौ रुपए पहुंचते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारी डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश में जल की आवश्यकता को देखते हुए 17 जिलों के लिए पीकेसी-ईआरसीपी योजना एवं शेखावाटी के लिए यमुना जल समझौते का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग ट्वीट कर यमुना जल समझौते से शेखावाटी में आने वाले पानी को लेकर सवाल पूछते है। हरियाणा चुनाव में कांग्रेस के घोषणा पत्र में सरकार बनने पर यमुना जल समझौते को रद्द करने का समर्थन करने वाले लोगों को सवाल पूछने का कोई हक नहीं है।
शर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भैरोसिंह शेखावत ने सन् 1993 में केन्द्र सरकार व हरियाणा की सरकार को शेखावाटी के लिए यमुना जल समझौते को लेकर पत्र लिखा था। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि कांग्रेस नेताओं से यह सवाल पूछे कि पूर्व में जब राजस्थान, हरियाणा और केंद्र में उनकी सरकार थी तब उन्होंने शेखावाटी में यमुना जल लाने के लिए क्या प्रयास किया।
कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, नगरीय विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा, विधायक विक्रम सिंह जाखल, कैलाश वर्मा, पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी सहित विभिन्न पदाधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
किसान अन्नदाता के साथ अब बनेगा ऊर्जादाता भी
: मुख्यमंत्री
झुंझुनूं टोल प्लाजा पर आयोजित आभार सभा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारा किसान समृद्ध होगा तो प्रदेश भी उन्नत और खुशहाल होगा। उन्होंने कहा कि किसानों की प्रमुख आवश्यकताओं बिजली और पानी की पूर्ति के लिए हमने रामजल सेतु लिंक परियोजना व यमुना जल समझौते का मार्ग प्रशस्त किया। वहीं नहरी क्षेत्र में डिग्गियों के विकास के लिए अभूतपूर्व बजट का प्रावधान किया एवं दक्षिणी राजस्थान के जिलों के लिए देवास परियोजना के कार्य को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि हमारा वर्ष 2027 तक किसानों को दिन में बिजली देने का लक्ष्य है। हम किसानों को अन्नदाता के साथ ऊर्जा दाता भी बनाना चाहते हैं। ऊर्जा क्षेत्र के लिए हमने केन्द्रीय उपक्रमों के साथ दाे लाख 24 हजार करोड़ रुपए के एमओयू एवं राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में भी ऊर्जा क्षेत्र में कई एमओयू किए हैं। हम प्रतिवर्ष प्रदेश की जनता को हमारे कार्यों का हिसाब देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने शेखावाटी के लोगों के विश्वास को तोड़ा है। हरियाणा चुनाव में कांग्रेस के यमुना जल समझौते को रद्द करने के वादे का यहां के नेताओं ने विरोध नहीं किया। जनता के आशीर्वाद से हरियाणा में कांग्रेस के सपने पूरे नहीं हुए। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ-सबका विकास’ के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। हमारी सरकार ने युवाओं को पांच साल में चार लाख सरकारी नौकरियों के साथ ही छह लाख निजी क्षेत्र में रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। इसी दिशा में हमारी सरकार ने राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के तहत 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू किए है जिनमें से तीन महीने में ही तीन लाख करोड़ रूपये के एमओयू की ग्राउण्ड ब्रेकिंग की जा चुकी है।
कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, नगरीय विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा, झुंझुनू विधायक राजेंद्र भांबू, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी सहित भाजपा पदाधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / रोहित
