
नई दिल्ली, 19 अप्रैल (Udaipur Kiran) । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली के मुस्तफाबाद में 4 मंजिला इमारत के गिरने से हुई जनहानि पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने हताहतों से जुड़े मुआवजे की भी घोषणा की है।
राष्ट्रपति ने कहा कि दिल्ली के मुस्तफाबाद में एक इमारत गिरने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में बच्चों और महिलाओं समेत कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति वे गहन संवेदना व्यक्त करती हैं। वे घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हैं।
वहीं प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में इमारत ढहने से हुई मौतों से दुखी हैं। वे घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
—————
(Udaipur Kiran) / अनूप शर्मा
