Uttar Pradesh

कांग्रेस ने बाबा साहब को सदैव छोटा बनाने का प्रयास किया, भाजपा ने सम्मान दिया: बेबी रानी मौर्य

भाषण देती कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य
माल्यार्पण करती कैबिनेट मंत्री

फिरोजाबाद, 15 अप्रैल (Udaipur Kiran) । प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने मंगलवार को कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने जो हमे आरक्षण दिया है उससे हम उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकते है। कांग्रेस ने बाबा साहब को छोटा बनाया लेकिन भाजपा ने बाबा को सम्मान दिया है।

उत्तर प्रदेश सरकार के महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य मंगलवार को फिरोजाबाद जिले के गांव गौथुआ में पहुंची थी। जहां उन्होंने अंबेडकर प्रतिमा का अनावरण किया। इसके साथ ही खेल के मैदान का लोकार्पण भी किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर ने जो हमे संविधान दिया है। इससे हम उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकते है। उन्होंने उपस्थित जन समूह से समाज में सम्मान व स्वाभिमान के साथ जीवन जीने और कर्तव्यों का पालन करने पर जोर दिया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बाबा साहब आंबेडकर दहेज प्रथा सहित समाज में फैली अन्य कुरीतियों को समाप्त करने के लिए प्रयासरत थे। आज हम सब को मिलकर बाबा साहब के इस अधूरे मिशन को पूरा करना है। समाज में फैली कुरीतियों को दूर करना है। बाबा साहब ने कहा था कि शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो आज हमे बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलना है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबा साहब को छोटा बनाने का काम किया। कांग्रेस नहीं चाहती थी बाबा साहब ऊंचाई पर पहुंचे उन्हें जो सम्मान मिलना चाहिए वो मिले लेकिन भाजपा सरकार ने बाबा साहब को सम्मान देने का काम किया है। इस वर्ष आंबेडकर जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई है। युवाओं में भारी जोश है यह जोश कम नहीं होना चाहिए। भाजपा सरकार ने महिलाओं को भी आरक्षण देकर उन्हें सम्मान देने का काम किया है।

इस मौके पर एसडीएम अनुराधा सिंह, सीओ विनीत सिकरवार, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह सहित अन्य भाजपाई मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) / कौशल राठौड़

Most Popular

To Top