Jharkhand

जैन समाज ने निकाली शोभायात्रा

नगर भ्रमण में शामिल लोग
नगर भ्रमण में शामिल लोग

रामगढ़, 10 अप्रैल (Udaipur Kiran) । श्री दिगंबर जैन समाज के तत्वाधान में गुरुवार को 24 वें तीर्थंकर भगवान महावीर का 2624 वां जन्म कल्याण महोत्सव पर शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा से पूर्व सर्वप्रथम श्री जी का कलश जलाभिषेक और शांति धारा एवं नित्य पूजन किया गया। शोभायात्रा रोड स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर से आरंभ होकर थाना चौक, झंडा चौक, चट्टी बाजार, लोहार टोला, शिवाजी रोड होते हुए पुनः मंदिर पहुंचकर संपन्न हुआ।

शोभा यात्रा के दौरान श्रीजी को रजत धातु से नवनिर्मित पालकी में विराजमान नगर भ्रमण कराया गया। इस दौरान जैन समाज की महिला, पुरुषों और बच्चों झूमते गाते हुए श्री जी का जयकारा लगाते दिखे। नगर भ्रमण करने के बाद पुनः मंदिर में प्रवेश करवाया गया। प्रवेश के पश्चात श्री जी का मंत्र उच्चारण के साथ जलाभिषेक एवं शांति धारा की गई।

प्रथम जलाभिषेक करने का सौभाग्य योगेश सेठी, निशा सेठी परिवार, अरुण जैन, डॉ शरद जैन परिवार, अशोक जैन, सुनील जैन, संजय सेठी परिवार एवं इंद्रमणि देवी चूड़ीवाल परिवार को मिला। जबकि, शांति धारा करने का सौभाग्य राजेंद्र चूड़ीवाल, राजेश चूड़ीवाल परिवार एवं इंद्रमणि देवी चूड़ीवाल परिवार को मिला। नवनिर्मित रजत पालकी में श्री जी को विराजमान करने का सौभाग्य अशोक जैन, सुनील जैन, संजय सेठी को मिला। हजारीबाग के पंडित दीपक शास्त्री के नेतृत्व में और मध्य प्रदेश से आए भजन गायक प्रशांत जैन एवं उनकी मंडली द्वारा श्री महावीर भगवान के भजन पेश किया।

कार्यक्रम के दौरान संध्या समय में महा आरती के बाद जैन समाज के नन्हे मुन्ने बच्चों ने श्री महावीर भगवान पर आधारित कई सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। बच्चों एवं महिलाओं के द्वारा भगवान महावीर के गर्भ में आने के समय माता त्रिशला को आने वाले 16 सपनों के विषय पर आधारित भक्ति में नाटक का मंचन किया। इससे पूर्व समाज के सचिव योगेश सेठी ने अतिथियों को अंग वस्त्र देकर स्वागत किया।

समाज के सचिव योगेश सेठी ने बताया कि भगवान महावीर का जन्म कल्याणक महोत्सव श्री दिगंबर जैन समाज द्वारा प्रत्येक वर्ष धूमधाम से मनाया जाता है। लेकिन इस वर्ष पालकी के अंदर शोभायात्रा निकाली गई जो अद्भुत था। कार्यक्रम के भव्य आयोजन से समाज में नव चेतना का संचार हुआ है। कार्यक्रम को सफल बनाने में समाज की पदाधिकारियों का अहम योगदान रहा।

—————

(Udaipur Kiran) / अमितेश प्रकाश

Most Popular

To Top