Madhya Pradesh

मंडलाः भारतीय टीम में चयन होने पर जिला प्रशासन ने किया क्रिकेटर शुचि उपाध्याय का सम्मान

मंडलाः भारतीय टीम में चयन होने पर जिला प्रशासन ने किया क्रिकेटर शुचि उपाध्याय का सम्मान
मंत्री संपतिया उइके ने शुचि उपाध्याय को बधाई व शुभकामनाएं दी

मंडला, 10 अप्रैल (Udaipur Kiran) । भारतीय टीम में चयन होने पर अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट खिलाड़ी शुचि उपाध्याय को जिला प्रशासन की ओर से गुरुवार को सम्मानित किया गया। श्रीलंका में आयोजित होने वाली त्रिकोणीय श्रृंखला के लिए 15 खिलाड़ियों की बीसीसीआई की ओर से अधिकारिक घोषणा के बाद शुचि पहली बार मण्डला आई थी। जिला प्रशासन की ओर से मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रेयांस कूमट ने पौधा भेंट कर शुचि का स्वागत किया। इसके बाद उन्हें मण्डला की प्रसिद्ध गोंड़ी पेंटिंग देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कूमट ने कहा कि यह हमारे जिले के लिए गौरव का विषय है कि जिले की बेटी आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए खेलने हेतु चयनित हुई है। उन्होंने शुचि से चर्चा करते हुए कहा कि यह आपके कैरियर की शुरुआत है। अभी आपको बहुत लंबा रास्ता तय करना है। यह गोंड़ी पेंटिंग आपको मण्डला से जुड़े रहने की याद दिलाएगी। उन्होंने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप आने वाली श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रौशन करें। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी मण्डला, तहसीलदार मण्डला, सीईओ जनपद पंचायत मण्डला, बीईओ मण्डला सहित संबंधित उपस्थित रहे।

मंत्री संपतिया उइके ने शुचि उपाध्याय को बधाई व शुभकामनाएं दी

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयनित खिलाड़ी शुचि उपाध्याय का मंडला आगमन होने पर उनका फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया। उन्होंने शुचि उपाध्याय का भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयन होने पर बधाई व शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी मोबाईल पर शुचि उपाध्याय से बात की और उन्हें इस सफलता पर बधाई व शुभकामनाएं दी।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top