
धमतरी, 9 अप्रैल (Udaipur Kiran) ।सत्ता परिवर्तित होते ही निगम से प्लेसमेंट कर्मियों की छुटटी होने लगी है। नगर पंचायत कुरुद के बाद नगर निगम धमतरी में वर्षों से प्लेसमेंट के माध्यम से लगे 19 कर्मियों को हटा दिया गया है। जानकारी के अनुसार 55 प्लेसमेंट कर्मियों को हटाने का टार्गेट है। 36 प्लेसमेंट कर्मचारी को और चिन्हित किया गया है जिसके लिए बहुत जल्द आदेश जारी हो सकता है। इसे लेकर विरोध के स्वर उठ रहे हैं।
प्लेसमेंट कर्मियों की कमी से सफाई, पेयजल, बिजली, कंप्यूटर, वाहन चलाने जैसे अन्य कार्यों में बाधा आ सकती है। धमतरी नगर निगम में 199 प्लेसमेंट कर्मचारी हैं। इनमें से 20 से अधिक ऐसे हैं जो 10 साल से अधिक पुराने हैं। भाजपा सत्ता में आने के बाद यह पहली बार है कि सात मार्च को आदेश जारी कर 19 प्लेसमेंट कर्मचारी को हटा दिया गया है। जानकारी के अनुसार 55 प्लेसमेंट कर्मचारियों को हटाने की तैयारी की गई थी जिसमें पहली सूची में 19 लोगों का नाम शामिल है। काम से हटने के कर्मचारी परेशान हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से नगर निगम में ही काम कर चुके हैं अब इस उम्र में उन्हें कहां नौकरी मिलेगी। निगम अधिकारियों का मानना है कि निकाले गए कर्मी अपने कार्यों के प्रति गंभीर नहीं थे जिसके कारण उन्हें काम से हटाया गया है। अब शेष 36 कर्मियों को कभी हटाने का फरमान जारी हो सकता है। प्लेसमेंट कर्मियों की छटनी के बाद से निगम में हड़कंप मचा हुआ है।
प्लेसमेंट कर्मचारियों को निकाले जाने की प्रक्रिया बंद करे नगर निगम: आशीष रात्रे
बसपा नेता आशीष रात्रे आशीष रात्रे ने कहा कि धमतरी नगर निगम में वर्षों से कम कर रहे 19 प्लेसमेंट कर्मचारियों को बिना कारण से निकला जाना ठीक नहीं है। बिना कारण के इस तरह निकाले जाने से इन लोगों की परिवार का भरण-पोषण कौन करेगा। जबर्दस्त कमरतोड़ महंगाई बेरोजगारी चल रही है और दूसरर तरफ रोजगार देना छोड़कर और गरीबों की मुंह से निवाला छीनने का काम हो रहा है। बसपा नेता आशीष रात्रे कहा कि गांव गरीब किसान हितैषी का नारा भाजपा की सिर्फ नौटंकी है। स्वास्थ्य और जल विभाग के सभापति शहर हित में काम पर ध्यान केंद्रित करें।इस तरह प्लेसमेंट कर्मचारियों को निकाल कर क्या साबित करना चाहते हैं। महापौर रामू रोहरा तत्काल इस पर रोक लगाए नहीं तो बहुजन समाज पार्टी प्लेसमेंट कर्मचारियों के हित में आंदोलन करेंगे।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा
