
कोलकाता, 09 अप्रैल (Udaipur Kiran) । बंगाल की जनता को गुरुवार से मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। बंगाल की खाड़ी में बने निम्नचाप के कारण आज राज्यभर में तेज आंधी और बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि गुरुवार को बारिश की तीव्रता और बढ़ेगी, जिससे उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना निम्नचाप अब स्पष्ट निम्नचाप में तब्दील हो चुका है। यह दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के क्षेत्रों में सक्रिय है। अगले 24 घंटे में इसके और मजबूत होकर पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके बाद यह उत्तर और उत्तर-पूर्व दिशा की ओर अग्रसर होगा।
इस बीच, बंगाल पर प्रभावी ट्रफ रेखा दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तर बांग्लादेश तक फैली हुई है, जो बिहार के ऊपर से गुजर रही है। इसके प्रभाव से आज बुधवार रात को राज्य के लगभग सभी जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बर्दवान, मुर्शिदाबाद और बीरभूम जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का विशेष अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।
हवाओं के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार को दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में गरज के साथ तेज बारिश हो सकती है। उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, पश्चिम बर्दवान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है।
शुक्रवार को दक्षिण बंगाल के छह जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं शनिवार को भी दक्षिण बंगाल के छह जिलों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा, उत्तर बंगाल के सभी जिलों में भी बारिश होने के संकेत मिले हैं।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
(Udaipur Kiran) / ओम पराशर
