नई दिल्ली, 9 अप्रैल (Udaipur Kiran) । शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क इलाके में सोमवार युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को
हरिद्वार, उत्तराखंड से गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपितों की पहचान मुख्य आरोपी दिल्ली निवासी नितिन कुमार (21), बागपत निवासी शांतनु (21) व मेरठ निवासी सोनू (21) और अर्जुन कुमार (22) के रूप में हुई है। इन सभी आरोपितों को जिले की स्पेशल स्टाफ ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ में मुख्य आरोपित नितिन ने बताया कि वह पेशे से ऑटो चालक है। सोमवार को वह अपने तीन दोस्तों के साथ खारी बावली गए थे। यहां वह एक चाय की दुकान में रूके। वह अकेले कुछ दूर खड़ा था। तभी मृतक रियाजुल हक अपने एक साथी के साथ आया और उसके साथ लूटपाट करने लगे। आरोपित ने आगे खुलासा किया कि उसने अपने साथियों को आवाज देकर बुलाया। इधर रियाजुल हक का साथी मौके से फरार हो गया। सभी आरोपित रियाजुल हक को ऑटो में बैठाकर मान सरोवर पार्क लाए और यहां उसके साथ मारपीट की। रियाजुल हक के बेहोश होने के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।
शाहदरा जिले के डीसीपी प्रशांत गौतम ने बताया कि सोमवार सुबह उनकी टीम को मानसरोवर पार्क इलाके में एक युवक घायल हालत में मिला। पुलिस उसे जीटीबी अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान थे। इस आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। सीसीटीवी में आरोपी कैद मिले। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल नंबर प्राप्त किए। लोकेशन की जांच करने पर सभी नंबर हरिद्वार में मिले। जिले की स्पेशल स्टाफ को तुरंत वहां भेजा गया। पुलिस टीम ने उत्तराखंड पुलिस की मदद से चारों आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से मृतक का लूटा हुआ फोन और ऑटो बरामद किया।
—————
(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी
