Madhya Pradesh

ग्वालियर: शहर में पारा 42 डिग्री पर, दोपहर में लपट चली

भीषण गर्मी (प्रतीकात्मक तस्वीर)

ग्वालियर, 08 अप्रैल (Udaipur Kiran) । मौसम विभाग ने साल 2025 अब तक का सबसे गर्म रहने का पूर्वानुमान जताया है जो सच साबित होता दिख रहा है। अप्रैल की शुरुआत में ही धूप और गर्मी का प्रकोप बढऩे लगा है। मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित देश के नौ राज्यों में हीटवेव की शुरुआत हो चुकी है। राजस्थान में तो न्यूनतम यानी रात का तापमान भी 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है। वहां से आ रहीं गर्म और शुष्क पश्चिमी हवाओं ने ग्वालियर-चंबल अंचल के मौसम को भी गर्म बना दिया है। साथ ही यहां मौसम शुष्क रहने से सूर्यदेव तीखे तेवर दिखा रहे हैं। इसलिए ग्वालियर में पिछले दो दिन से अधिकतम यानी दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के नजदीक टिका हुआ है।

मंगलवार को भी अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस पर रहा। यह भी सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। दोपहर में शहरवासियों को तेज धूप के साथ गर्म हवाओं ने परेशान किया। सोमवार के बाद ग्वालियर में मंगलवार को भी दोपहर में लू का एहसास हुआ। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और सामान्य से 4.0 से 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक हो तो यह हीटवेव यानी लू की स्थिति मानी जाती है। ग्वालियर में आज अधिकतम तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विभाग ने ग्वालियर एवं चंबल संभाग में अगले तीन दिन तक मौसम इसी प्रकार गर्म रहने और कहीं-कहीं लू चलने की चेतावनी जारी की है।

(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा

Most Popular

To Top