
मुरादाबाद, 06 अप्रैल (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर व जिला इकाई के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को पार्टी का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य सतपाल सिंह सैनी ने कहा कि छह अप्रैल का यह महत्वपूर्ण दिन हमें भारत की प्रगति के लिए काम करने और विकसित भारत के सपने को साकार करने की हमारी प्रतिबद्धता को दोहराता है। हमारे सभी कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं, कार्यकर्ताओं की बदौलत आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है।
भाजपा स्थापना दिवस कार्यक्रम में सर्वप्रथम जिला व महानगर के सभी पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से बुद्धि विहार स्थित कार्यालय के मुख्य द्वार पर ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर भाजपा पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा ने कहा कि देश के 150 करोड़ से अधिक लोग हमारी पार्टी के सुशासन एजेंडे को देख रहे हैं, जो पिछले वर्षों में मिले ऐतिहासिक जनादेश में भी परिलक्षित होता है। नगर विधायक रितेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा लोकसभा चुनाव, विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनाव, स्थानीय निकाय और पंचायत चुनाव में लगातार ऐतिहासिक जीत दर्ज कर रही है।
विधान परिषद सदस्य डॉ जयपाल सिंह व्यस्त ने कहा कि भाजपा नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास को प्राथमिकता देते हुए देश भर में काम कर रहा है। एमएलसी गोपाल अंजान ने कहा कि भाजपा की स्थापना 1980 में तत्कालीन भारतीय जनसंघ के नेताओं द्वारा की गई थी। भाजपा ने 1984 में लड़े पहले आम चुनाव में केवल दो लोकसभा सीटें जीती थीं। 2014 में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला, तब से ही हमारी पार्टी सत्ता में है।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ शेफाली चौहान ने कहा देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और प्रदेशों में भाजपा नेतृत्व की सरकारें समाज की सेवा करती रहेंगी और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करेंगी। मुरादाबाद भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल और महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं और सुरक्षा, सुशासन, विकास के एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं। इस अवसर पर क्षेत्रीय मीडिया सह प्रभारी नितिन जायसवाल, जिला मीडिया प्रभारी संजय ढाका, महानगर मीडिया प्रभारी राजीव गुप्ता व राहुल सेठी आदि मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल
