
-स्थापना दिवस की कार्यकर्ताओं को दीं शुभकामनाएं
गुरुग्राम, 6 अप्रैल (Udaipur Kiran) । कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी हैं, जो सुशासन के ध्येय के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करके पार्टी की विचारधारा का समर्थन करते रहे है। कैबिनेट मंत्री ने इस अवसर पर सिविल लाइन्स स्थित अपने कार्यालय पर पार्टी का झंडा भी फहराया।
राव नरबीर सिंह ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में तीसरी बार बनी भारतीय जनता पार्टी की सरकार इस बात का प्रतिबिंब है कि जनता विकास व राष्ट्रवाद की विचारधारा को प्राथमिकता देती है। राव ने कहा कि अपने संकल्प पत्र के वादों को किस प्रकार से धरातल पर उतारकर उन्हें मूर्त रूप दिया जाता है। यह अन्य पार्टियों के लिए भारतीय जनता पार्टी से प्रेरणा लेने का विषय है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री मोदी के एक भारत श्रेष्ठ भारत तथा विकसित भारत के मुहिम में शामिल होकर अपनी क्षमता अनुसार योगदान देकर पार्टी के संस्थापक सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित करने एवं पंडित दिनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के संकल्प को पूरा करने का आह्वान किया है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जिस प्रकार से हमारा देश विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। उसी प्रकार भारतीय जनता पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जिसने लोकतंत्र की विचारधारा को सही अर्थों में परिभाषित किया है। राव ने कहा कि यह केवल भाजपा में ही संभव है जहां एक आम कार्यकर्ता संगठन की सीढिय़ों को चढ़ते चढ़ते मंत्री, सांसद, मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री बिना किसी परिवारवाद, जातिवाद के बन सकता है और यही बात भारतीय जनता पार्टी को दूसरी सभी राजनैतिक पार्टियों से भिन्न रखती है।
(Udaipur Kiran)
