पटना, 05 अप्रैल (Udaipur Kiran) ।जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने आज चयनित 98 कनीय अभियंताओं (असैनिक/ यांत्रिक/ विद्युत) को नियुक्ति पत्र वितरित किया।
सिंचाई भवन, पटना के सभागार में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने सभी कनीय अभियंताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे नए उत्साह और नए दृष्टिकोण के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि आपके विचारों में नवीनता है, जो विभाग को एक नई दिशा दे सकते हैं। अपनी ऊर्जा और जोश के साथ कार्य करते रहें, विभाग आपके साथ है।
बिहार तकनीकी सेवा आयोग ने जल संसाधन विभाग को कुल 2,338 अभ्यर्थियों की नियुक्ति हेतु अनुशंसा प्रदान की थी। इसके तहत माह फरवरी में कुल 2015 कनीय अभियंताओं की नियुक्ति करते हुए संबंधित कार्यालयों में पदस्थापित किया जा चुका है। जो अभ्यर्थी विभाग द्वारा निर्धारित अभिलेख सत्यापन कार्यक्रम में अनुपस्थित थे, उनका पुनः सत्यापन 21 मार्च, 2025 को कराया गया। इसके अतिरिक्त, बिहार तकनीकी सेवा आयोग ने 12 कनीय अभियंताओं की अनुशंसा जल संसाधन विभाग को उपलब्ध कराई। इन प्रक्रियाओं के परिणामस्वरूप आज कुल 98 नवनियुक्त अभियंताओं (12 महिला एवं 86 पुरुष कनीय अभियंताओं) को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।
इससे पूर्व, आयोग द्वारा अनुशंसित कुल 6,341 कनीय अभियंताओं को 4 फरवरी, 2025 को मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित किए गए थे। इनमें जल संसाधन विभाग के 2015 अभियंता भी शामिल थे।
नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख मनोज रमण (बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण), अभियंता प्रमुख (मुख्यालय) शरद कुमार, अभियंता प्रमुख अवधेश कुमार (सिंचाई सृजन) एवं मुख्य अभियंता संजय कुमार ओझा (योजना एवं मॉनीटरिंग) सहित कई वरीय पदाधिकारी मौजूद थे।
—————
(Udaipur Kiran) / गोविंद चौधरी
