Uttar Pradesh

भाजपा सरकार कर रही सांप्रदायिक राजनीति : अखिलेश यादव

अखिलेश यादव बाेलते हुए

लखनऊ, 5 अप्रैल (Udaipur Kiran) । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार अपना सब कुछ खोकर, ‘कम्युनल पॉलिटिक्स’ पर उतर आई है। वक्फ को लेकर भाजपा सरकार जो कानून लेकर आई है, वो उसके लिए करारी हार साबित करने वाला होगा।

अखिलेश यादव पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में शनिवार को पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे ​थे। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में ज़ीरो टॉलरेंस का नारा दिया गया था, वो ज़ीरो हो गया। पुलिस फिरौती के लिए अपहरण कर रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था नहीं है। लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है। सिर्फ भाजपा के ही लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि दलाल के माध्यम से एक आईएएस अधिकारी के लेनदेन का मामला सामने आया। बंटवारे को लेकर जब झगड़ा हुआ तब पोल खुल गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जो लोग निवेश लाना चाहते थे, वह विनाश ले आए। जो पाताल से खोज लाने की बात करते थे, वे भ्रष्टाचारी अधिकारी को ढूंढ नहीं पा रहे। पता चला है कि भ्रष्टाचारी अधिकारी इनके ही पास छुपा हुआ है।

अखिलेश ने आरक्षण में भेदभाव किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जो 80-20 का नारा है, हमें ये पूछना है कि हम किसमें आते हैं। सरकार बताए 80 में हैं या 20 में। जनता जागरूक हो गई है। सरकार न आरक्षण दे पाई न निवेश ला पाई। अब टैरिफ का मामला आ गया है। सरकार बताए हमारी अर्थव्यवस्था कहां खड़ी है। प्रति व्यक्ति की आय सरकार बताए की क्या होगी। अखिलेश ने कहा कि गौशाला में गोवंश मर रहे हैं।

इससे पूर्व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महर्षि कश्यप, निषादराज और सम्राट अशोक के चित्र पर माल्यार्पण किया। वहीं अंबेडकर नगर की बच्ची अनन्या यादव की बहादुरी के लिए उसे सम्मानित किया। इस दौरान शिवपाल यादव, सांसद लालजी वर्मा एवं अन्य नेतागण मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा

Most Popular

To Top