Haryana

गुरुग्राम: पॉलिथीन निर्माण कंपनी पर छापेमारी करने वाली टीम को किया सम्मानित

गुरुग्राम में एसएसएफ टीम के सदस्यों को सम्मानित करते अतिरिक्त निगमायुक्त डा. बलप्रीत सिंह।

-अतिरिक्त निगमायुक्त ने एसएसएफ टीम सदस्यों को किया सम्मानित

-टीम द्वारा गत दिनों पॉलीथीन निर्माण कंपनी पर की गई थी रेड

-7300 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया

-7 लाख रुपए की जुर्माना राशि की गई रिकवर

गुरुग्राम, 4 अप्रैल (Udaipur Kiran) । गत दिनों सराय अलावर्दी क्षेत्र में अवैध रूप से चल रही प्रतिबंधित प्लास्टिक निर्माता कंपनी पर रेड करके 7300 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त करने व 7 लाख रुपए की जुर्माना राशि रिकवर करने वाली सेनिटेशन सिक्योरिटी फोर्स के सदस्यों को अतिरिक्त निगमायुक्त डा. बलप्रीत सिंह द्वारा सम्मानित किया गया।

अतिरिक्त निगमायुक्त ने टीम के सदस्यों को अपने कार्यालय में शुक्रवार को आमंत्रित किया तथा उन्हें प्रशस्ति-पत्र देकर उनका मनोबल बढ़ाया।

उन्होंने भविष्य में भी बिना किसी भेदभाव, दबाव व भय के कार्य जारी रखने का आह्वान टीम के सदस्यों से किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम बनने के बाद इस प्रकार की यह पहली रेड है, जिसमें बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक की खेप जब्त करने के साथ ही 7 लाख रुपए की राशि का जुर्माना लगाकर रिकवरी की गई है। इसके लिए उन्होंने टीम के सदस्यों को बधाई देते हुए उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण, बिक्री व उपयोग को प्रतिबंधित किया हुआ है। नगर निगम गुरुग्राम क्षेत्र में प्रतिबंधित प्लास्टिक पर कार्रवाई व लगाम के लिए सेनिटेशन सिक्योरिटी फोर्स का गठन किया हुआ है।

टीम द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है तथा विभिन्न स्थानों पर रेड करके प्रतिबंधित प्लास्टिक को जब्त करने के साथ ही संबंधित पर भारी जुर्माना लगाया जा रहा है।

अतिरिक्त निगमायुक्त डा. बलप्रीत सिंह ने बताया कि जनवरी 2025 में सेनिटेशन सिक्योरिटी फोर्स द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक पर कार्रवाई शुरू की गई थी। टीम द्वारा 16 जनवरी से 3 अप्रैल तक सिंगल यूज प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण, बिक्री व उपयोग के मामले में 662 चालान किए गए हैं तथा 1420500 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। टीम द्वारा सब्जी मंडी, बाजार, औद्योगिक क्षेत्रों सहित अन्य स्थानों पर लगातार निगरानी की जा रही है।

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top