Uttar Pradesh

पर्यटन को लेकर देवीपाटन क्षेत्र को सीएम योगी ने दी बड़ी सौगात

Devi Patan Mandir

बलरामपुर, 04 अप्रैल (Udaipur Kiran) । पर्यटन विकास को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद के देवीपाटन शक्तिपीठ क्षेत्र को एक बड़ी सौगात दी है। देवीपाटन कॉरिडोर के निर्माण हेतु भूमि क्रय के लिए धनराशि अवमुक्त कर दी गयी है। साथ ही नगर तुलसीपुर में फ्लाईओवर निर्माण हेतु भी पहली किस्त जारी की गई है। इसके अतिरिक्त मां पाटेश्वरी मंदिर से जुड़े मुख्य सड़क मार्ग के चौड़ीकरण के लिए निर्देश जारी करते हुए धन स्वीकृत किया गया है।

मुख्यमंत्री की इस सौगात से जहां तुलसीपुर नगर में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं फ्लाईओवर और सड़क चौड़ीकरण से जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी। साथ ही रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इससे स्थानीय लोगों में हर्ष व्याप्त है। जिला प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक देवीपाटन शक्तिपीठ में पर्यटन विकास के अंतर्गत कॉरिडोर निर्माण हेतु भूमि क्रय के लिए प्रथम किस्त के रूप में 5 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। मां पाटेश्वरी देवीपाटन धाम के समीप पर्यटन विकास कार्य के लिए कुल 119 गाटाधारकों से भूमि खरीदी जानी है, जिस पर लगभग 26.48 करोड़ रुपये (26,48,34,369) खर्च किए जाएंगे। प्रथम किस्त के रूप में 5 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। एसडीएम तुलसीपुर के अनुसार सभी गाटाधारकों से वार्ता कर सहमति प्राप्त करते हुए बैनामा किए जाने की स्वीकृति भी मिल गई है। शीघ्र ही भूमि क्रय की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।

श्रद्धालुओं एवं राहगीरों की यातायात सुविधा के लिए कलश चौराहा से हरैया चौराहा के बीच रेलवे क्रॉसिंग पर दो लेन आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) के निर्माण को मंजूरी प्रदान की गई है। इसके लिए 9969.51 लाख की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में 3489.33 लाख की धनराशि कार्यदायी संस्था सेतु निगम बाराबंकी को अवमुक्त कर दी गई है। इस ओवर ब्रिज के निर्माण से मां पाटेश्वरी देवीपाटन मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को जाम से निजात मिलेगी।

तीसरी प्रमुख परियोजना के अंतर्गत मां पाटेश्वरी देवी मंदिर मुख्य मार्ग से बलरामपुर चीनी मिल तक की कुल लंबाई 5.225 किमी है। इस मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य किया जाना है। इसके लिए शासन द्वारा 51 करोड़ 33 लाख 50 हजार की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अंतर्गत प्रथम किस्त के रूप में 2 करोड़ 52 लाख 22 हजार की धनराशि भी जारी कर दी गई है।

(Udaipur Kiran) / प्रभाकर कसौधन

Most Popular

To Top