Chhattisgarh

राष्ट्रीय राजमार्ग 30 से हटाए गए अवैध होर्डिंग्स और पोस्टर

राष्ट्रीय राजमार्ग से अवैध होर्डिंग्स और पोस्टर हटाते हुए नगर निगम के कर्मचारी।

धमतरी, 3 अप्रैल (Udaipur Kiran) । नगर निगम की टीम ने तीन अप्रैल को शहर में अवैध रूप से लगे होर्डिंग्स और पोस्टरों को हटाने की कार्रवाई की। यह विशेष अभियान सोरिद,रत्नाबांधा चौक से मकई चौक तक चलाया गया। मालूम हो कि पखवाड़ेभर पहले राज्य शासन के उल्लेखनीय कार्यों को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में आदमकद चौड़े होर्डिंग्स सड़क के बीचों-बीच व सड़क किनारे लगाए गए हैं, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है।

सार्वजनिक स्थानों और बिजली के खंभों पर लगे यह अवैध पोस्टर और बैनर न केवल शहर की सुंदरता को बिगाड़ रहे थे, बल्कि यातायात में भी बाधा उत्पन्न कर रहे थे। अभियान के दौरान नगर निगम कर्मचारियों ने लगभग 200 से अधिक अवैध पोस्टर हटाए। संबंधित राजनीतिक पार्टी व निजी कंपनियों के कर्मचारियों को चेतावनी दी कि भविष्य में बिना अनुमति लगाए गए होर्डिंग्स पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार अवैध रूप से होर्डिंग, बैनर या पोस्टर न लगाएं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध होर्डिंग्स लगाने वालों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे। आयुक्त प्रिया गोयल के निर्देश पर उपायुक्त पीसी सार्वा के नेतृत्व में यह कार्रवाई जारी रहेगी।

शहर के नागरिक धनराज गुप्ता, जयकुमार साहू, अनिल साहू, पंकज देवांगन का कहना है कि पखवाड़ेभर पहले राज्य शासन के उल्लेखनीय कार्यों को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में आदमकद चौड़े होर्डिंग्स सड़क के बीचों-बीच व सड़क किनारे लगाए गए हैं, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में इसके चलते दुर्घटना भी हो चुकी है। इसे भी हटाया जाए।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top