Haryana

नूंह के गांव तिरवाड़ा में दो पक्षों में हुआ खूनी संघर्ष, कई घायल

-दो गुटों में चल रहा था पुराना विवाद, इसी के चलते हुआ झगड़ा

नूंह, 31 मार्च (Udaipur Kiran) । जिले के एक गांव में सोमवार को ईद की नमाज के बाद दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। इस संघर्ष में कई लोग घायल हो गए। घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों का बीच-बचाव किया।

पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह नौ बजे गांव तिरवाड़ा में जब एक पक्ष के लोग ईद की नमाज अता करके घर जा रहे थे। इसी बीच दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि वह खूनी संघर्ष में बदल गया। वहां से गुजर रहे अन्य लोग अपना बचाव करते नजर आए। इस घटना में दोनों पक्षों की तरफ से काफी लोग घायल हुए हैं। सोशल मीडिया पर इस घटना की वीडियो वायरल हो गई।

पुलिस के अनुसार गांव तिरवाड़ा में राशिद और साजिद गुटों के बीच विवाद चल रहा है, दोनों पक्षों के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं। पुरानी रंजिश में तिरवाड़ा गांव में राशिद और साजिद के गुटों के बीच झड़प हो गई। राशिद के पक्ष से मीरू और हाफिज तथा साजिद के पक्ष से खुर्शीद, आशमीन और नूर मोहम्मद घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top