Madhya Pradesh

विक्रम विश्‍वविद्यालय अब सम्राट विक्रमादित्य विश्‍वविद्यालय के नाम से जाना जाएगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को डी.लिट्. की उपाधि से किया सम्मानित।

– मुख्यमंत्री ने विक्रम विश्वविद्यालय के 29वें दीक्षांत समारोह को किया संबोधित

– मुख्यमंत्री डॉ. यादव को विश्‍वविद्यालय द्वारा प्रदान की गई डी-लिट की मानद उपाधि

भोपाल, 30 मार्च (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज का दिन कई मायनों में हम सब के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है। उज्जैन नगरी सात पवित्रतम नगरियों में से एक है। हर कल्प में इसका विशेष महत्व रहा है। आज भारतीय नव वर्ष प्रतिपदा पर हम सब हर्षोल्लास के साथ गुड़ी पड़वा और चैटी चंड पर्व मना रहे हैं। आज उज्जैन का गौरव दिवस भी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विक्रम विश्व विद्यालय अब सम्राट विक्रमादित्य के नाम से जाना जाएगा। माधव विज्ञान महाविद्यालय के परिसर में शीघ्र ही विशाल सभागार बनाया जाएगा।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति में रविवार को विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन का 29वां दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ। स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव और हार्टफुलनेस संस्था के संस्थापक कमलेश पटेल को विश्वविद्यालय द्वारा डी-लिट की मानद उपाधि प्रदान की गई। साथ ही 70 विद्यार्थियों को उपाधि, 99 को मेडल और 2 शोधार्थियों को डी-लिट उपाधि प्रदान की गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि जिन विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की गई है, वे अपनी प्रतिभा का उपयोग अभीष्ट उद्देश्य की प्राप्ति के लिए करें। समाज-सेवा और राष्ट्र की सेवा करें। भविष्य कि अपार संभावनाएं आपका इंतजार कर रही हैं। हमारे शोधार्थी विश्व पटल पर अपने शहर, राज्य और देश का नाम लेकर जाएं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जयिनी के गौरव दिवस और विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह की बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और परिश्रम के आधार पर प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्तकरने के साथ अन्य उपलब्धियां अर्जित की हैं। यह उपलब्धियां विद्यार्थियों के ज्ञान और विद्या के साथ उनका उत्तरदायित्व भी बढ़ाती हैं। विद्यार्थियों के लिए भविष्य की अनेक संभावनाएं विद्यमान हैं। यही कामना है कि विद्यार्थी न केवल देश एवं प्रदेश की सेवा करें अपितु अपने कर्म और योगदान के आधार पर विक्रम विश्वविद्यालय के साथ प्रदेश और देश का नाम भी दुनिया में रोशन करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीक्षांत समारोह में सम्मिलित सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विक्रम विश्वविद्यालय के इतिहास में आज का दिन विशेष महत्व का है। विश्वविद्यालय की 1956 में स्थापना से आज तक हुए दीक्षांत समारोहों में यह पहला मौका है जब राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री, पद्मभूषण, सांसद, विधायक सभी एक साथ शामिल हुए हैं।

डॉ. यादव ने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य की शासन व्यवस्था में विद्यमान सुशासन और जन-कल्याण के कई पहलुओं की झलक वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किये जा रहे शासन संचालन और जन-कल्याण की गतिविधियों में मिलती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वयं का उदाहरण देते हुए कहा कि जब वे विद्यार्थी थे तब विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह की कोई परिपाटी नहीं थी। लंबे समय तक विश्वविद्यालयों में दीक्षांत समारोह का कोई स्थाई क्रम नहीं रहा, परिणाम स्वरूप, विश्वविद्यालय के बहुत से बैच विद्यार्थियों ने बिना दीक्षांत समारोह के सामान्य रूप से अपनी डिग्रियां प्राप्त कीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्यपाल पटेल द्वारा सभी विश्वविद्यालयों में अनिवार्यत: दीक्षांत समारोह आयोजित करने की व्यवस्था स्थापित करने के लिए उनकी प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नव संवत्सर के अवसर पर उज्जैन में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। महाकाल लोक के पास सम्राट विक्रमादित्य हैरीटेज होटल का लोकापर्ण किया जाएगा। इससे बाबा महाकाल के दर्शन के लिए आने वाले सभी श्रद्धालुओं को रहने और भोजन की सुविधा उपलब्ध होगी। विगत हजारों सालों के इतिहास में भारत में जो भी वीर- महावीर हुए हैं उनके जीवन के पुरूषार्थ और प्रारब्ध के आधार पर शासन-प्रशासन में उनके द्वारा दिए गए योगदान पर केंद्रित वीर भारत संग्रहालय का भूमि-पूजन कोठी महल के साथ जोड़कर किया जाएगा, इससे हमारी समृद्ध गौरवशाली संस्कृति की पताका वर्तमान में लहराएगी और अवंतिका से संबंधित वीर पुरूषों का परिचय जन-जन को प्राप्त होगा। हर युग में अस्तित्व बनाए रखने वाली अवंतिका, भारत के सात पवित्रतम नगरों में से एक है।

विक्रम विश्वविघालय के कुलगुरू आचार्य अर्पण भारद्वाज के द्वारा स्वागत भाषण दिया गया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के लिये यह हर्ष का विषय है कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (गुड़ी पड़वा) की पावन तिथि पर ‘सिद्धार्थी’ नामक नवसंवत तद्नुसार विक्रम संवत 2082 को 29वाँ दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ है। उन्होंने कहा कि यह भी गौरव का विषय है कि हमारे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं पद्मभूषण से अलंकृत कमलेश डी. पटेल को डी-लिट की मानद उपाधि से विभूषित किया जा रहा है।

(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत

Most Popular

To Top