CRIME

जींद : नशेड़ी बेटे ने वृद्ध पिता को पेट्रोल डाल कर जलाने का किया प्रयास

वह मकान जिसमें बेटे ने आग लगा पिता को झुलासाया।

जींद, 29 मार्च (Udaipur Kiran) । जुलाना क्षेत्र के लजवाना खुर्द गांव में एक नशेड़ी बेटे ने अपने पिता पर शुक्रवार रात के समय पेट्रोल डाल कर हत्या करने का प्रयास किया, जिसमें पिता गंभीर रूप से झुलस गया। गंभीर अवस्था में वृद्ध को हिसार के अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। जहां पर उसका इलाज चल रहा है। शनिवार को पुलिस ने मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या का प्रयास करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लजवाना कलां गांव निवासी 58 वर्षीय सतबीर के परिवार में दो बेटे हैं। उसका बड़ा बेटा 30 वर्षीय अनिल स्मैक का आदी हो गया है और छोटा लड़का दीपक और वह खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का पेट पालते हैं। शुक्रवार को अनिल रात को करीब 12 बजे नशा करके आया और खेती के ठेके के रुपयों को लेकर उसके पिता के साथ झगड़ा करने लगा। जब दीपक फोन पर बात करने लगा तो पिता को अकेला पाकर अनिल ने उसके पिता पर पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी। आग लगी देख दीपक ने उसे बुझाने का प्रयास किया। आग से सतबीर बुरी तरह झुलस गया। उसे जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया। जहां से उसकी गंभीर अवस्था को देखते हुए उसे जींद के नागरिक अस्पताल में रेफर किया गया। जींद से भी उसे हिसार के लिए रेफर किया गया। जहां पर उसका इलाज चल रहा है। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या का प्रयास करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

—————

(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा

Most Popular

To Top